पुलिस के हत्थे चढ़े छिनैती करने के आरोपी।
- फोटो : अमर उजाला।
कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित गोबर गली के पास पति के साथ ऑटो से घर जा रही महिला से पर्स छिनैती के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जीटीबी नगर चकिया निवासी आरोपी अभय त्रिपाठी (20) ने पूछताछ में बताया कि प्रेमिका को ब्रांडेड कंपनी का पर्स, लिपिस्टिक व अन्य महंगे गिफ्ट देने के लिए उसने दोस्तों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था।
एडीसीपी पुष्कर वर्मा ने बताया कि मुख्य आरोपी अभय समेत खुल्दाबाद चकिया निवासी साहिल उर्फ बटलर (19) और किशन उर्फ सूरज प्रजापति (19) को गिरफ्तार कर लिया लिया। पूछताछ में पता चला कि छिनैती के गहने खुल्दाबाद के चक निरातुल निवासी सैय्यद तनवीर व दिलशाद को बेचे गए हैं। टीम ने आरोपी सैय्यद को भी दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों से 82,250 हजार रुपये, मोबाइल व बाइक बरामद हुई है। वहीं आरोपी दिलशाद अभी फरार है। जांच में पता चला कि मुख्य आरोपी अभय पर अलग-अलग थानों में तीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मंगलवार को सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
नैनी में बिजली ठेकेदार के घर चोरी में था आरोपी
एसीपी कोतवाली रवि कुमार गुप्ता ने बताया कि सात अक्तूबर की देर रात नैनी थाना क्षेत्र के विनायक नगर निवासी बिजली ठेकेदार अर्जुन सिंह के घर से 17 लाख नकद व 10 लाख के गहने चोरी हुए थे। मामले में आरोपी अभय त्रिपाठी के शामिल होने की बात पता चली है जिसकी जांच की जा रही है।