इलाहाबाद (ब्यूरो)। यमुनापार के लालापुर इलाके के छतहरा गांव में शुक्रवार देर रात हाइटेंशन तार टूटकर गिरने से एक ही परिवार के चार लोग करंट से झुलस गए। घायलोें में तीन नाबालिग शामिल हैं। सभी को गंभीर अवस्था में एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लापरवाही का आलम ये है कि हादसे के चौबीस घंटे बीत जाने के बावजूद विभाग के किसी अधिकारी ने घायलों का हालचाल जानना जरूरी नहीं समझा और टूटकर गिरे तार को दुरुस्त भी नहीं किया गया।
छतहरा गांव निवासी प्रेमलाल शुक्रवार शाम घर के बाहर बैठा था, जबकि तीन बच्चे सोनी (15 वर्ष ), सुधा (10 वर्ष ) और हरिओम (14 वर्ष ) खेल रहे थे। इसी बीच अचानक ऊपर से गुजर रहा हाइटेंशन तार टूटकर गिरा। तार ने प्रेमलाल, सोनी, सुधा एवं हरिओम को गिरफ्त में ले लिया। चारों करंट से झुलसकर गंभीर रूप से घायल हो गए। बदहवास परिजन चारों को सीएचसी ले गए जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया। चारों की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह भी आरोप है कि विभागीय अधिकारियों ने न तो पीड़ितों का हालचाल लिया और न ही आर्थिक की मदद की कोई बात की। उल्टा कुछ जनप्रतिनिधियों की मदद से घटना को दबाने की कोशिश की गई।