भूकंप के खौफ से अभी लोग उबर भी नहीं सके हैं कि इसी बीच मंगलवार सुबह गंगापार इलाके में आए तूफान में और भी कहर बरपा दिया। इस दौरान पेड़ गिरने, बिजली का तार टूटने और आकाशीय बिजली गिरने से दो महिलाओं और एक बालिका समेत चार लोगों की मौत हो गई। इन मौतों से कोहराम मच गया। परिजनों को आर्थिक सहायता की भी घोषणा कर दी गई है।
थरवई इलाके में बडातर गांव में रहने वाले तीरथराज यादव की बेटी सुभाषिनी (7) मंगलवार सुबह घर से कुछ दूर महुआ बीनने गई थी। तभी आंधी आने पर वह भागकर नीम के पेड़ के नीचे खड़ी हो गई। दुर्योग से यही पेड़ ढह गया। सुभाषिनी उसके नीचे दब गई। गांव वालों ने देखा तो भागकर वहां पहुंच गए मगर बालिका की मौत हो चुकी थी। उसकी मां गुडिया समेत भाई-बहन रोने-कलपने लगे। खबर पाक एसडीएम बीएल गुप्ता और विधायक अंसार अहमद भी वहां पहुंच गए। विधायक ने कहा कि तीन दिन के भीतर पीड़ित परिवार को डेढ़ लाख रुपये दिलाए जाएंगे।
फूलपुर मेंचिरौडी़ गांव निवासी रामसुमेर यादव की पत्नी यशोदा देवी (52) की भी आंधी के दौरान मौत हो गई। वह अपने घर में निर्माण कार्य के लिए रूदापुर गांव थरवई में बाबूलाल के मकान में काम कर रहे मजदूरों को बुलाने गई थी। वहां आंधी आने पर वह बाबूलाल के घर सामने नीम के पेड़ के नीचे खड़ी हो गई थी। यह पेड़ धराशायी हो गया। उसके नीचे दबकर यशोदा देवी की मौत हो गई। राजगीर पप्पू बिंद (25) और मटरू (22) भी घायल हो गए। हालत गंभीर देख उन दोनों को अस्पताल ले जाया गया। फिर पंचनामा भरकर यशोदा के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
उधर, उतरांव इलाके के यासीनपुर गांव में मंगलवार सुबह आंधी के चलते आम का पेड़ गिरा तो उसकी चपेट में आकर बिजली का हाईटेंशन तार टूट गया। खंभा भी ध्वस्त हो गया।
अपने घर के सामने गिरे तार को हटाने के लिए दारा सिंह (22) पुत्र लालबहादुर डंडा लेकर पहुंचा मगर करंट की चपेट में आने से उसकी जान चली गई। लोगों ने आरा फीडर में सूचना देकर बिजली सप्लाई बंद कराई। दारा के पिता लालबहादुर विदेश में हैं। अभी दो माह पहले फरवरी में ही दारा का ब्याह हुआ था। शनिवार को थवना हुुआ था। इस दुखद घटना ने परिजनों और रिश्तेदारों को गम में डुबो दिया।
उधर, होलागढ़ इलाके के जमुनीपुर गांव में मंगलवार सुबह आंधी के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से छोटेलाल की 52 वर्र्षीय पत्नी राजकली की मौत हो गई। उसके घर के पास ही एक गाय भी मर गई। ग्राम प्रधान चन्द्रभूषण ने एसडीएम को इसकी जानकारी दी। मौके पर क्षेत्रीय विधायक अंसार अहमद और सीओ पहुँंचे और डेढ़ लाख रुपये बतौर आपदा राहत तथा एक इंदिरा आवास दिलाने की घोषणा की।