प्राकृतिक आपदा से सैकड़ों बिजली के खंभे धराशायी हो गए। विभाग दिन रात बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुटा है लेकिन रविवार को भी आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है जिससे उपभोक्ता गर्मी में बेहाल हैं।
बीते बुधवार को आई आंधी से क्षेत्र में भारी नुकसान हुआ है। आंधी से बिजली के खंभे उखड़ गए। नगर पंचायत क्षेत्र में अधिकांश इलाकों में बिजली आपूर्ति चालू कर दी गई लेकिन पूरे मियां जी, स्टेशन रोड, झाली बाबा मोहल्लों में अभी आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है।
इसी प्रकार ग्राम सुलतापुर, मलखानपुर, गढ़चंपा, किंगरिया का पूरा और खानपुर सहित कई गांवों में रविवार को भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी।
एसडीओ बहादुर सिंह ने बताया कि काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। अधिकांश इलाकों में बिजली आपूर्ति चालू कर दी गई है। जल्द ही शत प्रतिशत बिजली बहाली हो जाएगी।