एलनगंज में रहने वाली आईएएस अफसर के घर लाखों की चोरी के मामले में चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनके कब्जे से चोरी गए कुछ गहनों के साथ ही मूर्तियां भी बरामद हुई हैं। आरोपियों में चोरी का माल खरीदने वाला सोनार भी शामिल है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल चार अन्य की तलाश की जा रही है।
एलनगंज में रहने वाले सत्यप्रेमी की बेटी व दामाद आईएएस अफसर हैं, जो वर्तमान में उत्तराखंड में तैनात हैं। पुलिस के मुताबिक, 16 दिसंबर को भुक्तभोगी देहरादून चले गए थे। दो फरवरी की रात चोरों ने ताला तोड़कर सोन की चेन, टॉप्स, हीरे की अंगूठियां, चांदी की मूर्तियां व बर्तन समेत लाखों का सामान उठा ले गए थे।
जांच में लगी पुलिस ने बृहस्पतिवार को घटना का खुलासा किया। बताया कि घटना में स्थानीय चोर गिरोह का हाथ था, जिसके सरगना राजकुमार उर्फराजा व उसके भतीजों आकाश व अंकित और चोरी का माल खरीदने वाले सोनार संजीव कुमार निवासी म्योर रोड को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनके कब्जे से दो मूर्तियां, चेन, अंगूठी व 15300 नगद बरामद हुआ है। गिरोह के चार सदस्यों की तलाश की जा रही है। जिनमें बब्लू, दीपू, रमेशचंद व मोहनलाल शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए तीनों बदमाशों पर पहले से भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।