अल्लापुर में हिस्ट्रीशीटर साजन मेहता (40) की ईंट से कूंचकर हत्या के मामले में पुलिस ने रविवार को चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार देर रात हुए हत्याकांड से पूरे मोहल्ले में तनाव फैल गया था। पुलिस ने घटना के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए एसओजी समेत पांच टीमें गठित की थीं। शुक्रवार आधी रात अल्लापुर स्थित हैजा अस्पताल परिसर में हुई हिस्ट्रीशीटर साजन की हत्या के बाद से सभी आरोपी फरार थे। घटना के बाद से पुलिस व एसओजी की टीमें सीसीटीवी फुटेज व सर्विलांस की मदद से आरोपियों की तलाश में जुटी थीं। वहीं रविवार को 24 घंटे के भीतर ही एसओजी की टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गौरतलब है कि शुक्रवार देर रात मटियारा रोड के पास बाइक टकराने के विवाद के बाद मोहल्ले के ही सिकंदर पासी, गुड्डू पासी, सुधीर पासी, प्रिंस पासी समेत 15 लोगों ने मिलकर साजन को हैजा अस्पताल परिसर में खींचकर ईंट-पत्थरों से हमला किया था। इस हमले में साजन गंभीर रूप से घायल हो गया था और बाद में एसआरएन अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। साजन जार्जटाउन थाने का हिस्ट्रीशीटर था। उसके खिलाफ कुल 21 मुकदमे दर्ज थे।
एसीपी राजीव यादव ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर की हत्या में नामजद चार आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। प्राथमिक जांच पड़ताल में पैसे के लेनदेन में हत्या की बात सामने आ रही है। अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द ही सभी को गिरफ्तार किया जाएगा।