फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पूर्व सांसद अतीक अहमद के साढ़ू के आलीशान मकान पर चला बुलडोजर, अवैध रूप से किया था घर का निर्माण

Tue, 17 Nov 2020 09:42 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज
विज्ञापन
अतीक अहमद के साढ़ू के मकान पर चला बुलडोजर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
पूर्व सांसद अतीक अहमद व उसके गिरोह के खिलाफ चल रहे अभियान के क्रम में मंगलवार को फिर बड़ी कार्रवाई हुई। प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने अतीक के साढ़ू इमरान के चकिया स्थित आलीशान मकान को बुलडोजर चलवाकर ध्वस्त करा दिया। 
विज्ञापन


पीडीए अफसरों का कहना है कि मकान का निर्माण अवैध रूप से किया गया था, इसलिए कार्रवाई की गई। करीब छह घंटे तक कार्रवाई चली। ढहाए गए मकान की कीमत करोड़ों में बताई जा रही है। 

पीडीए की टीम सुबह 11 बजे के करीब चकिया स्थित इमरान के मकान पर पहुंची। तीन मंजिल के इस मकान का निर्माण कई खंडों में किया गया था। पीडीए अफसरों ने मकान के भीतर मौजूद इमरान के परिजनों को सामान निकालने को कहा। करीब एक घंटे बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू हुई। 
विज्ञापन


तीन बुलडोजरों ने अलग-अलग दिशाओं से मकान को तोड़ना शुरू किया। पांच घंटे की कार्रवाई के बाद आलीशान मकान की जगह चारों ओर मलबा बिखरा पड़ा था। पीडीए के जोनल अफसर सत शुक्ला ने बताया कि मकान का निर्माण अवैध रूप से कराया गया था जिसके लिए कोई नक्शा नहीं पास कराया गया। इस संबंध में कई बार नोटिस दिया गया। जिसके बाद ध्वस्तीकरण आदेश पारित हुआ। इसी के तहत यह कार्रवाई हुई। 

करोड़ों रुपये कीमत वाले मकान में नीचे बनी थीं दुकानें

करोड़ों रुपये कीमत वाले इस मकान के निचले तलों पर कई दुकानें बनी हुई थीं। अतीक अहमद के पुश्तैनी मकान से 100 मीटर की दूरी पर स्थित यह मकान अपनी आकर्षक बनावट के कारण दूर से ही अलग दिखाई पड़ता था। पीडीए अफसरों ने बताया कि मौजूदा सर्किल रेट के हिसाब से देखा जाए तो 2500 वर्ग मीटर में हुए इस निर्माण की केवल भूमि की कीमत कई करोड़ में है। ऐसे में लागत जोड़कर कीमत करोड़ों में पहुंच जाती है। 

वकीलों से नोकझोंक, एक नहीं सुनी अफसरों ने
उधर, कार्रवाई से पहले इमरान के वकीलों की पीडीए अफसरों से नोकझोंक भी हुई। वह कार्रवाई को गलत बताते रहे लेकिन अफसरों ने उनकी एक नहीं सुनी। पूर्व में जारी आदेश का हवाला देते हुए कार्रवाई शुरू करा दी गई। मौके पर कई थानों की फोर्स संग प्रशासनिक अफसर भी मौजूद रहे। 

अतीक के जमीन के कारोबार का कर्ताधर्ता, दो साल से फरार
प्रयागराज के चकिया में रहने वाले जिस मो. इमरान का घर सोमवार को ध्वस्त किया गया, वह अतीक के बेहद खास माने जाने वालों में से एक है। अतीक के प्रॉपर्टी से जुड़े सारे काम वही देखता है। 

अपहरण मामले में दो साल से वांछित इमरान खुल्दाबाद थाने का हिस्ट्रीशीटर है, जिस पर कुल 14 मुकदमे दर्ज हैं। इमरान का पिता मो. जई यूपी पुलिस में ही दरोगा रहा है। शादी के बाद अतीक का बेहद करीबी बन गया। 
 
विज्ञापन

पुलिस अफसरों के मुताबिक, नामचीन बिल्डरों के बीच पैठ अच्छी होने के चलते ही वह प्रॉपर्टी के मामलों में अतीक को सलाह दिया करता था। धीरे-धीरे उसने अतीक का भरोसा जीता और फिर हाल यह हुआ कि माफिया ने प्रॉपर्टी से जुड़े अपने सारे काम उसे सौंप दिए। 

इमरान पर 2007 से लेकर अब तक कुल 14 मुकदमे दर्ज हुए, जिसमें ज्यादातर मामले में जमीन के नाम पर धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेज तैयार करने के आरोप हैं। प्रॉपर्टी डीलर के कथित अपहरण व जेल में ले जाकर पिटाई मामले में वह अतीक संग सहअभियुक्त है लेकिन इस मामले में वह कोर्ट की शरण में भी है। 

फिलहाल वह इसी मामले में लगभग दो साल से वांछित है और पुलिस का दावा है कि उस पर 25 हजार का इनाम भी है। उस पर आखिरी मुकदमा इसी साल दर्ज हुआ जिसमें, लाइसेंस निरस्त होने के बाद भी शस्त्र जमा न होने पर खुल्दाबाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की थी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें