इलाहाबाद विश्वविद्यालय में पढ़ने वाली छात्रा को तेजाब से जलाकर मारने की धमकी दी गई। दहशत में आई छात्रा ने कर्नलगंज थाने में लिखित शिकायत की। जिसके बाद नामजद मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस का कहना है कि जांच शुरू कर दी गई है।
फाफामऊ की रहने वाली 20 वर्षीय छात्रा इविवि में पढ़ती है। उसका आरोप है कि इसी विभाग में पढ़ने वाला तृतीय वर्ष का छात्र अवनीश गिरि उसे काफी दिनों से परेशान कर रहा है। यही नहीं वह उसका पीछा भी करता है। चार दिन पहले छात्रा जब इम्तहान देने गई तो भी उसके पीछे-पीछे वह कॉलेज पहुंचा था। शुक्रवार को उसने उसके नंबर पर फोन किया और तेजाब फेंककर जलाने की धमकी दी। इस दौरान उसे ही नहीं बल्कि उसके परिवार को भी खत्म करने की धमकी दी। छात्रा का कहना है कि आरोपी के धमकाने के बाद उसने डायल 112 पर भी शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद उसने कर्नलगंज थाने में लिखित शिकायत दी। कर्नलगंज पुलिस का कहना है कि फिलहाल तहरीर के आधार पर धमकी, गालीगलौज के आरोप में नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच पड़ताल की जा रही है।
एमसीए की छात्रा को भी मिली थी धमकी
वैसे छात्राओं को तेजाब फेंककर धमकाने की घटनाएं शहर में पहले भी हुई हैं। करीब तीन महीने पहले अतरसुइया में रहने वाली एमसीए की छात्रा को धमकाया गया था। आरोपी ने एक नहीं बल्कि उसके घर के बाहर धमकी भरे चार खत छोड़े थे। तहरीर के आधार पर मामले में मुट्ठीगंज निवासी सुमित उर्फ श्रेयस केसरवानी पर रिपोर्ट दर्ज की गई थी। जिसमें अतरसुइया पुलिस चार्जशीट भी दाखिल कर चुकी है।