इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति एपी सिंह ने रविवार को लोकतंत्र के महापर्व में शत-प्रतिशत भागीदारी पर जोर दिया। उन्होंने चिंता जताई कि बिना संघर्ष के मिले मतदान के अधिकार के मायने ही लोग नहीं जानते। लोकतंत्र में यही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। पढ़े लिखे तबके की जिम्मेदारी है कि वह अपने घर से लेकर आस-पड़ोस तक के लोगों को बढ़ चढ़ कर मतदान में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित करें, ताकि लोकतंत्र मतबूत हो सके।यह बातें उन्होंने स्टेनली रोड स्थित जजेज कॉलोनी में न्यायविदों के संयोजन में अल कौसर सोसाइटी की ओर से आयोजित मतदाता जागरूकता गोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि कही।
अध्यक्षता कर रहे यूपी बार काउंसिल के पूर्व चेयरमैन सीनियर एडवोकेट नरेश चंद्र राजवंशी ने प्रयागराज में रिकार्ड मतदान के लिए इस तरह की परिचर्चाएं हर मोहल्ले में आयोजित करने की जरूरत बताई। संयोजक सीनियर एडवोकेट बीके श्रीवास्तव ने कहा कि रिक्शा ठेला, खोमचा वाले मतदान के प्रति जितने जागरूक हैं, उतने पढ़े लिखे लोग नहीं। पढ़े-लिखे वर्ग के लोग मतदान के दिन छुट्टी मनाते हैं ।
इसी वजह से मत प्रतिशत गिर जाता है। इनके अलावा कमला नेहरू हॉस्पिटल की कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. सोनिया तिवारी,नाजरेथ हॉस्पिटल की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ रंजना सिंह, हाईकोर्ट के एडवोकेट विजय श्रीवास्तव, एडवोकेट धीरज श्रीवास्तव, एडवोकेट सौम्या श्रीवास्तव ने विचार व्यक्त किए। अल कौसर सोसायटी की अध्यक्ष नाजिया नफीस ने लोकतंत्र में मताधिकार की ताकत को विस्तार से बताया। अतिथियों का स्वागत भावना श्रीवास्तव ने बुकें भेट कर किया। इस मौके पर हाईकोर्ट एडवोकेट वीके कुमार, शशिकांत श्रीवास्तव, आशुतोष श्रीवास्तव, पूजा श्रीवास्तव, प्रदीप कुमार, डॉ नीरज सिन्हा, विजयानंद सिन्हा, डॉ अनिरुद्ध सिंह समेत तमाम वकील व चिकित्सक, रंगकर्मी, सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।