Former general minister nominated for threatening hostel superintendent
हॉस्टल अधीक्षक को धमकाया, पूर्व महामंत्री नामजद
एसो. प्रोफेसर की तहरीर कर्नलगंज थाने में लिखी गई रिपोर्ट
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के ताराचंद छात्रावास का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के ताराचंद छात्रावास के अधीक्षक डॉ. राकेश सिंह को जान से मारने की धमकी दी गई। उनका आरोप है कि छात्रसंघ के पूर्व महामंत्री शिवम सिंह ने फोन कर न सिर्फ उन्हें धमकाया। बल्कि इस्तीफा देने का भी दबाव बनाया। कर्नलगंज पुलिस ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
इविवि में हिंदी विभाग के एसो. प्रोफेसर पद पर तैनात डॉ. राकेश तारांचद छात्रावास के अधीक्षक भी हैं। उनका आरोप है कि बृहस्पतिवार दोपहर आरोपी शिवम ने दो बार फोन कर गालीगलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी। बताया कि उसे कुछ महीनों पहले छात्रावास के 10 कमरों पर अवैध कब्जा करने के आरोप में छात्रावास से निष्कासित किया जा चुका है। विवि की ओर से लगाया गया जुर्माना भी अभी इनकी ओर से जमा नहीं किया गया है। फोन पर उसने पुन: छात्रावास मेें कब्जा करने की धमकी दी। साथ ही अधीक्षक पद से इस्तीफा देने का दबाव भी बनाया। मामले में कर्नलगंज पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।