मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 25 दिसंबर को लखनऊ से प्रदेश भर की परियोजना का शिलान्यास और लोकार्पण करने जा रहे हैं। इनमें इलाहाबाद की भी 18 अरब 72 करोड़ 63 लाख रुपये परियोजनाएं शामिल हैं, जिनका शिलान्यास एवं लोकार्पण होना है लेकिन इनमें करछना पावर प्लांट को शामिल नहीं किया गया है। जल्द ही विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने वाली है। ऐसे में पावर प्लांट का निर्माण अब खटाई में पड़ता नजर आ रहा है।
सीएम इलाहाबाद की 17 अरब तीन करोड़ 72 लाख रुपये की प्रस्तावित लागत वाली 10 परियोजनाओं का शिलान्यास और एक अरब 68 करोड़ 91 लाख रुपये की लागत वाली 13 परियोजनाओं का लोकार्पण करेेंगे। इसमें 12 अरब 52 करोड़ 58 लाख रुपये की प्रस्तावित लागत वाला संगम पर एलिवेटेड फ्लाईओवर का निर्माण भी शामिल हैं। हालांकि इसकी घोषणा कुंभ के दौरान ही कर दी गई लेकिन तीन साल बाद चुनाव करीब आने पर सरकार को इसकी याद आई। घोषणा के तीन साल बाद शिलान्यास का नंबर आया। निर्माण कब शुरू और पूरा होगा, कोई भरोसा नहीं। हैरत की बात यह कि शिलान्यास की सूची से करछना में प्रस्तावित पावर प्लांट का नाम गायब है जबकि इसके लिए भूमि अधिग्रहण की प्रकिया वर्षों पहले हो चुकी है।
हालांकि ग्रामीण भूमि अधिग्रहण का विरोध कर रहे हैं। विरोध के कारण दर्जनों ग्रामीणों पर मुकदमा दर्ज है। आंदोलनकारियों के मुखिया को पुलिस फरार घोषित कर चुकी है। ऐसे में माना जा रहा है कि चुनावी नफा-नुकसान को देखते हुए इसके शिलान्यास को फिलहाल टाल दिया गया है। लोकार्पण की सूची में शंकरगढ़ ब्लॉक के बांसी गांव में क्लस्टर के रूप में निर्मित 72 लोहिया आवास एवं अवस्थाना कार्य शामिल हैं। यह प्रदेश का सबसे बड़ा क्लस्टर है।
डफरिन अस्पताल 100 बेड के एमसीएच विंग का निर्माण, मेजा, करछना में आवासीय भवनों का निर्माण, अग्निशमन केंद्र बारा के आवासीय/अनावसीय भवनों का निर्माण कार्य, पुलिस लाइन में क्राइम ब्रांच भवन का निर्माण, सिविल लाइंस में मल्टीलेवर कार पार्किंग, महर्षि दयानंद मार्ग पर हरित पट्टी एवं एलईडी प्रकाश व्यवस्थ के साथ साइकिल ट्रैक का निर्माण, चंद्रखेशर आजाद पार्क और हाथी पार्क का आधुनिकीकरण एवं सुंदरीकरण, डिवाइन अपार्टमेंट त्रिवेणीपुरम झूंसी में 70 फ्लैट्स का निर्माण, सिविल लाइंस में एमजी मार्ग पर पत्थर गिरजाघर से तुलसी चौराहे तक मार्ग का आधुनिकीकरण एवं सुंदरीकरण, शंकरगढ़ के बांसी गांव में क्लस्टर के रूप में निर्मित 72 लोहिया आवास और इलाहाबाद की 11 सड़कों का निर्माण।
संगम पर एलिवेटेड फ्लाईओवर का निर्माण, बसवार सॉलिड वेस्ट प्लांट की बाउंड़ीवाल का निर्माण, यमुना बैंक रोड पर स्कल्पचर पार्क का निर्माण, जेनश्वर मिश्र आधुनिकतम राजकीय पुस्तकालय, कोरांव में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, यमुना विहार नैनी में समाजवादी आवास योजना के तहत 1200 फ्लैट्स का निर्माण, नैनी में आजाद आवासीय योजना और जाह्नवी विहार के तहत फ्लैट्स का निर्माण, एमजी मार्ग पर पत्थर गिरजाघर से तुलसी चौराहे तक डिवाइडर का निर्माण, इलाहाबाद की पांच सड़कों का निर्माण प्रस्तावित है।