इलाहाबाद विश्वविद्यालय में अध्ययन कर रहे छात्रों को अगले वर्ष तक दो नए छात्रावास मिल जाएंगे। विवि में अध्ययन कर रहे विदेशी छात्रों के लिए 70 कमरे का नया अंतर्राष्ट्रीय छात्रावास दिसंबर तक बनकर तैयार हो जाएगा। अंतर्राष्ट्रीय छात्रावास का निर्माण शताब्दी ब्वॉयज और प्रवेश भवन के मध्य हो रहा है। इविवि के दूसरे पुरुष छात्रावास का निर्माण शताब्दी ब्वॉयज के सामने हो रहा है, इसमें 150 कमरे होंगे। इस छात्रावास में 300 छात्रों के आवास की सुविधा होगी। यह छात्रावास फरवरी 2020 तक बनकर तैयार हो जाएगा। इसकी कुल लागत लगभग 19 करोड़ है। कुलपति प्रो. रतन लाल हांगलू ने मंगलवार शाम को इन निर्माणाधीन छात्रावासों का निरीक्षण किया।