ट्रेनों की सुरक्षा के लिए मांगी फोर्स, कुलियों को दी ट्रेनिंग
अयोध्या मामले में फैसले के मुद्देनजर सीनियर डीएससी ने लिखा एसएसपी को पत्र
प्रयागराज। अयोध्या मामले में सुनवाई के बाद आने वाले फैसले के मद्देनजर उत्तर मध्य रेलवे ने अपने जोन के अंतर्गत आने वाले विभिन्न जिलों के एसएसपी को पत्र भेजकर ट्रेनों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। इस संबंध में इलाहाबाद मंडल के सीनियर डीएससी ने प्रयागराज के साथ सोनभद्र, मिर्जापुर, कौशांबी, फतेहपुर, चित्रकूट, कानपुर, कानपुर देहात, औरैया, फिरोजाबाद, मैनपुरी, चंदौली, हाथरस, अलीगढ़, बुलंदशहर और गौतम बुद्ध नगर के एसएसपी को पत्र भेजा है।
पत्र के माध्यम से कहा गया है कि यह निर्णय आने के बाद असामाजिक तत्व कहीं ट्रेन संचालन न प्रभावित करें इसलिए रेलवे स्टेशनों एवं अन्य स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया जाए। फायर ब्रिगेड आदि की भी व्यवस्था करने का भी आग्रह किया गया है। उधर इलाहाबाद जंक्शन पर तैनात कुलियों और वेंडरों को भी शुक्रवार को ट्रेनिंग दी गई। उन्हें बताया गया कि अगर ट्रेन एवं स्टेशन परिसर में कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखे तो उसके बारे में आरपीएफ या जीआरपी को सूचित किया जाए। प्रशिक्षण में जीआरपी प्रभारी रघुबीर सिंह, आरपीएफ प्रभारी बीपी सिंह आदि मौजूद रहे।