श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) ने माघ मेले के दौरान पहली बार तीन हजार से अधिक बसें चलाने की तैयारी की है। इस वर्ष माघ मेले में करीब 2500 बसों का इंतजाम किया गया था।
वर्ष 2027 में ज्यादा भीड़ आने का अनुमान लगाया जा रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए इस बार बसों की संख्या बढ़ाकर 3100 करने पर मंथन चल रहा है। इनमें से 300 बसों को रिजर्व में रखा जाएगा, ताकि मुख्य स्नान पर्वों पर अचानक बढ़ने वाले यात्रियों के दबाव को नियंत्रित किया जा सके। प्रदेश के सभी रीजन से बसें मंगाई जाएंगी।
इस बार भी झूंसी और नैनी लेप्रोसी चौराहा क्षेत्र में अस्थायी बस स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। स्नान पर्वों के दौरान झूंसी से गोरखपुर, आजमगढ़, वाराणसी, जौनपुर एवं पूर्वांचल के अन्य शहरों के लिए बसें उपलब्ध होंगी। नैनी लेप्रोसी से मिर्जापुर, सोनभद्र, बांदा, चित्रकूट, महोबा एवं रीवा रूट की बसें मिलेंगी।
इसके अलावा, मुख्य स्नान पर्वों के दौरान भी विद्या वाहिनी अस्थायी बस स्टेशन से बसों का संचालन जारी रखने की योजना है। साथ ही, भारत स्काउट गाइड के पास भी एक नया अस्थायी बस स्टेशन बनाने की तैयारी चल रही है। यहां से लखनऊ, अयोध्या रूट की बस चलाने की योजना है।
वर्जन
माघ मेला-2026 के मुकाबले वर्ष 2027 में ज्यादा लोगों के आने का अनुमान है। इसी वजह से इस बार तीन हजार से ज्यादा बस संचालन की तैयारी की जा रही है। - रविंद्र कुमार सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक, यूपी रोडवेज प्रयागराज रीजन