ड्रोन शो में होगा महाकुंभ और प्रयाग की पौराणिक कथा का प्रदर्शन
महाकुंभ का आयोजन प्रत्येक बारह वर्ष पर होता है। महाकुंभ 13 जनवरी से प्रारंभ होकर 26 फरवरी तक चलेगा। महाकुंभ को लेकर तैयारियां अंतिम दौर में हैं। सीएम योगी की प्रेरणा से यूपी टूरिज्म विभाग महाकुम्भ में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को नए अनुभव देने का प्रयास कर रहा है। महाकुंभ में यूपी टूरिज्म जहां एक ओर फ्लोटिंग रेस्टोरेंट, वाटर एक्टिविटी, हॉट एअर बैलून, लेजर लाइट शो जैसी गतिविधियां करवा रहा है तो वहीं दूसरी ओर महाकुंभ में पहली बार ड्रोन शो का भी आयोजन करने जा रहा है।
इस संबंध में जिला पर्यटन अधिकारी अपराजिता सिंह ने कहा कि महाकुंभ की शुरुआत और समापन के समय संगम नोज पर ड्रोन शो का आयोजन किया जाएगा। ये महाकुंंभ के यात्रियों और प्रयागराज वासियों के लिए एक नया और अनोखा अनुभव होगा। लगभग 2000 लाइटनिंग ड्रोन प्रयाग महात्म्य और महाकुम्भ की पौराणिक कथाओं का प्रदर्शन करेंगे। इसमें समुद्र मंथन और अमृत कलश निकलने के दृश्य का प्रदर्शन होगा। साथ ही प्रयाग के धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व को भी दर्शाया जाएगा।
2000 लाइटनिंग ड्रोन करेंगे संगम नोज के आकाश में प्रदर्शन
महाकुंभ 2025 कई मायनों में अनोखा और अनूठा साबित होने जा रहा है। इस दिशा में यूपी टूरिज्म नए-नए प्रयोग कर रहा है। जनवरी के पहले सप्ताह से काली घाट, यमुना की लहरों पर म्यूजिकल फाउंटेन लेजर शो शुरू होने जा रहा है। जो प्रयागराज आने वाले पर्यटकों के लिए एक अनोखा अनुभव होगा। साथ ही महाकुंभ के दौरान लाइटनिंग ड्रोन शो भी पर्यटकों और प्रयागराज वासियों के लिए विशिष्ट अनुभव होगा। इसमें लगभग 2000 लाइटनिंग ड्रोन आपस में सिंक्रोनाइज होकर संगम नोज के आकाश पर अद्भुत दृश्य और रंग बिखेरेंगे। ये सभी रंग और दृश्य धार्मिक और आध्यात्मिक भाव के होंगे।