गंगा स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान के तहत युवाओं की टोली ने गंगा की निर्मलता के लिए रविवार को संगम क्षेत्र में मानव शृंखला बनाई। इस दौरान घाटों पर काफी गंदगी थी। स्नानार्थी और श्रद्धालु इस अव्यवस्था से नाराज दिखे। उन्होंने युवाओं की टोली के साथ संगम क्षेत्र में सफाई की और कचरे का ढेर निकालकर अलग किया।
अभियान का नेतृत्व कर रहे समाजसेवी एवं इलाहाबाद यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स एंड यूथ वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय द्विवेदी और इसमें शामिल युवाओं ने निर्णय लिया कि गंगा की सफाई एवं जागरूकता के लिए अगले हफ्ते हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान गंगा किनारे बसे मोहल्ले में बसे लोगों से संपर्क कर उन्हें स्थिति से अवगत कराया जाएगा। अभियान में मयंक मिश्र, गौरव चौबे, अभिषेक द्विवेदी, विनय शुक्ला, आनंद द्विवेदी, शिवम द्विवेदी, विमल, विकास चंदेल, कुंवर सिंह, आकाश सिंह आदि शामिल रहे।