कोहरे से थमी वंदे भारत
समेत कई ट्रेनों की रफ्तार
0 दिन में दो बजे के बाद आई इलाहाबाद-जयपुर एक्सप्रेस, दो घंटे लेट गई वंदे भारत
0 समय से रवाना नहीं संगम एक्सप्रेस, शाम 5.45 की जगह रात 8.30 बजे गई ट्रेन
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। कोहरे से वंदे भारत एक्सप्रेस समेत तमाम ट्रेनों की रफ्तार थम गई। मंगलवार की देर रात पश्चिमी यूपी और दिल्ली एनसीआर में पड़े कोहरे की वजह से इलाहाबाद जंक्शन आने वाली सभी प्रमुख ट्रेनें घंटों लेट हो गईं। सेमी हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस भी कोहरे की वजह से दो घंटे की देरी से बुधवार को जंक्शन पहुंची। इन सभी ट्रेनों के विलंब से पहुंचने की वजह से यात्रियों को भी खासी परेशानी हुई।
दिल्ली रूट की ट्रेनों की बात करें तो जयपुर-इलाहाबाद एक्सप्रेस बुधवार की सुबह 5.25 की बजाय दिन में ढाई बजे जंक्शन पहुंची। प्रयागराज एक्सप्रेस भी सुबह दस बजे जंक्शन पहुंच सकी। वहीं वंदे भारत एक्सप्रेस दिल्ली से आने में 2.10 घंटे एवं जंक्शन से दिल्ली जाने में दो घंटे लेट हो गई। तमाम ट्रेनों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए जंक्शन के पूछताछ कार्यालय पर यात्रियों की दिन भर भीड़ जमा रही। इस बीच संगम एक्सप्रेस 5.15 घंटे की देरी से जंक्शन पहुंची। विलंब से आने की वजह से संगम एक्सप्रेस शाम 5.45 की बजाय रात 8.30 बजे जंक्शन से मेरठ के लिए रवाना हो सकी।
प्रमुख ट्रेनों की लेट लतीफी
प्रयागराज एक्सप्रेस 2.50 घंटे
हमसफर एक्सप्रेस 3.55 घंटे
आनंद विहार-रीवा 8.00 घंटे
जयपुर-इलाहाबाद 9.04 घंटे
पुरुषोत्तम एक्सप्रेस 5.05 घंटे
नई दिल्ली-मंडुवाडीह 5.20 घंटे
ब्रहमपुत्र मेल 5.15 घंटे
जम्मू-टाटानगर मुरी एक्सप्रेस 5.30 घंटे
नई दिल्ली-गया महाबोधि एक्स. 3.00 घंटे
स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस 10.35 घंटे