सोमवार को जब हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा हुई तो घाट पर हर हर महादेव और बोल बम का जयकारा गूंजने लगा। संगम तट पर तीन बाहर राउंड लगाकर हेलीकॉप्टर से फूल की पंखुड़ियां बरसाईं गईं। इसी तरह दशाश्वमेघ गंगा घाट, शास्त्री पुल और मनकामेश्वर मंदिर पर मौजूद कांवड़ियों और शिवभक्तों पर फूल बरसाए गए। मनकामेश्वर मंदिर पर सोमवार को सुबह से ही शिवभक्तों की लंबी कतार लगी रही। दर्शन पूजन का सिलसिला पूरे दिन चलता रहा। यहां पर बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स और महिला सिपाहियों की तैनाती की गई है।
अधिकारियों ने बरसाए फूल
हेलीकॉप्टर में सवार कमिश्नर विजय विश्वास पंत, डीएम संजय खत्री, पुलिस कमिश्नर रमित शर्मा ने शिवभक्तों पर फूल बरसाए। कई राउंड लगाकर शिवभक्तों और कांवड़ियों पर फूल बरसाए। फूल बरसाए जाने पर मनकामेश्वर मंदिर पर दर्शन के लिए जुटे महिला और पुरुष शिवभक्त काफी गदगद दिखे। कहा कि इस कार्य की जितनी भी सराहना की जाए वह कम है।
चौथे सोमवार पर जयकारे से गूंजे शिवालय
सावन के चौथे सोमवार पर शिवमंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। शिवभक्तों ने मंदिरों में दर्शन के साथ ही रुद्राभिषेक और जलाभिषेक किया। तमाम भक्तों ने गंगा घाटों, संगम और अपने घरों में पार्थिव शिवलिंग बनाकर रुद्राभिषेक किया। मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की कतार लगी रही। गंगा जल, दूध, मिष्ठान्न, पंचगव्य, नैवेद्य, बेलपत्र, पुष्प, धूप, भांग, धतूर का अर्पण कर पूजन किया गया। कर्पूर से आरती उतारी गई। मंदिरों पर रामायण, सुंदरकांड, रुद्राष्टकम्, महामृत्युंजय मंत्र का पाठ होता रहा। मंदिरों पर सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक बंदोबस्त था।