शिवकुटी में एमएनएनआईटी ओवरब्रिज पर कार सवार युवकों ने दो प्रतियोगी छात्राओं से छेड़खानी की। साथ ही उन्हें कार में खींचने का प्रयास किया। 100 नंबर पर सूचना देने पर वह भाग निकले। कुछ देर बाद उनकी कार ओवरब्रिज के नीचे लावारिस हाल में मिली। इसमें पुलिस की पी-कैप भी मिली। पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
शिवकुटी में अपट्रॉन चौराहा स्थित बीबीएस कॉलेज के पास रहने वाली दोनों छात्राएं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही हैं। उनका कहना है कि बृहस्पतिवार को सुबह 4.30 बजे वह टहलने निकलीं थीं। वह एनएनएनआईटी ओवरब्रिज होते हुए जा रही थीं कि तभी वहां पहले से दो कारें खड़ी थीं, जिनमें बैठे 6-8 युवक शराब व सिगरेट पी रहे थे। उन्हें देखते ही युवकों ने छींटाकशी शुरू की। वह दोनों उन्हें अनसुना कर आगे बढ़ीं तो पीछे से आकर कार सामने लगा दी।
साथ ही गेट खोलकर बोले कि दोनों को कार में खींच लो। छात्राओं ने मोबाइल से 100 नंबर पर सूचना दी तो युवक भाग निकले। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रकरण की जानकारी के बाद खोजबीन शुरू की तो आरोपियों की एक कार अपट्रॉन चौराहे साइड में ओवरब्रिज के नीचे लावारिस हाल में मिली।
उसके भीतर पी-कैप रखी थी, साथ ही गाड़ी पर पुलिस भी लिखा हुआ था। छात्राओें ने थाने पहुंचकर तहरीर दी, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ छेड़खानी व सार्वजनिक स्थान पर अश्लील हरकत करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया। शिवकुटी इंस्पेक्टर ऋषिपाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।