प्रयागराज से पुणे, गुवाहाटी और कोलकाता की सीधी विमान सेवा एक बार फिर से शुरू किए जाने की उम्मीद बंध गई है। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के विंटर शेड्यूल से इन विमानों का संचालन शुरू हो सकता है।
प्रयागराज से पुणे, गुवाहाटी और कोलकाता की सीधी विमान सेवा एक बार फिर से शुरू किए जाने की उम्मीद बंध गई है। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के विंटर शेड्यूल से इन विमानों का संचालन शुरू हो सकता है। प्रयागराज एयरपोर्ट सलाहकार समिति के प्रस्ताव पर डीजीसीए ने अब विमानन कंपनियों से इसके लिए आवेदन मांगे हैं। डीजीसीए का विंटर शेड्यूल 29 अक्तूबर से लागू होगा।
विज्ञापन
पुणे के लिए एयरबस तो गुवाहाटी एवं कोलकाता के लिए एटीआर श्रेणी का विमान शुरू हो सकता है। पहले भी प्रयागराज से पुणे के लिए विमानन कंपनी इंडिगो द्वारा विमान संचालित किया जाता था लेकिन पिछले वर्ष मार्च 2024 में यह सेवा बंद कर दी गई। इसी तरह कोलकाता के लिए इंडिगो और सरकारी विमानन कंपनी एलाइंस एयर विमान सेवा यहां से संचालित कर चुकी है।
वहीं गुवाहाटी की बात करें तो महाकुंभ के दौरान एलाइंस एयर द्वारा वहां के लिए विमान संचालित किया जा रहा था। अब एक बार फिर से इन तीनों शहरों के लिए विमान सेवा शुरू होने की उम्मीद है। प्रयागराज एयरपोर्ट से वर्तमान समय में अकासा एयर एवं इंडिगो द्वारा मुंबई के लिए, एलाइंस एयर द्वारा बिलासपुर एवं दिल्ली तथा इंडिगो द्वारा हैदराबाद, रायपुर, दिल्ली, भुवनेश्वर, बंगलूरू के लिए उड़ान संचालित की जा रही है।
विज्ञापन
एयरपोर्ट सलाहकार समिति के चेयरमैन एवं सांसद प्रवीण पटेल का कहना है कि उन्होंने प्रयागराज से संचालित विमान जो पूर्व में बंद हो चुके हैं उनके पुन: संचालन के लिए उड्डयन मंत्री को पत्र भेजा है। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में कुछ शहरों के लिए सीधी विमान सेवा यहां से शुरू होगी।