इलाहाबाद। शहर के कीडगंज इलाके में मंगलवार सुबह एक बदमाश जीवन ज्योति चौकी प्रभारी राम स्वरूप गौतम की सरकारी पिस्टल चौकी के अंदर से लेकर भाग निकला। मैग्जीन में दस कारतूस भी थे। दरोगा ने चौकी सेे पिस्टल लेकर भाग रहे बदमाश का पीछा किया मगर वह पकड़ में नहीं आया। पता चला कि वह साथी संग बाइक पर बैठकर फरार गया। चौकी से पिस्टल लूट की खबर फैली तो एसएसपी समेत कई अफसर क्राइम ब्रांच के साथ पहुंच गए। कीडगंज थाने में अज्ञात बदमाश के खिलाफ केस लिख तलाश की जा रही है। लापरवाही में दरोगा को निलंबित कर दिया गया। साथ ही उसके खिलाफ भी कीडगंज थाने में केस लिखा गया है।
कीडगंज की जीवन ज्योति हॉस्पिटल चौकी में तैनात एचसीपी राम स्वरूप गौतम मंगलवार दिन में लगभग 11 बजे चौकी में अकेले थे। वह सरकारी पिस्टल तख्त पर तकिया के नीचे रखकर खाना खाने लगे। ठीक तभी लगभग 32 वर्षीय एक युवक चौकी के अंदर आया। उसने दरोगा को बताया कि वह एसओजी फतेहपुर का प्रभारी है। उसे कुछ बात करनी है। सफेद कमीज और काली पैंट पहने इस युवक का हावभाव भी ऐसा था कि दरोगा को संदेह नहीं हुआ। उन्होंने उसे बैठने के लिए कह दिया।
दरोगा हाथ धोने निकले तो उड़ा दी पिस्टल
भोजन के बाद राम स्वरूप गौतम हाथ धोने बाहर निकले। तभी बदमाश ने तकिया के नीचे रखी पिस्टल उठाकर अपनी कमर में खोंस ली। गौतम कमरे में लौटे तो खुद को एसओजी प्रभारी बताने वाला युवक उठा और यह कहकर बाहर निकल गया कि कुछ देर में लौट आएगा। चौकी से बाहर निकल वह भागने लगा तो दरोगा गौतम को संदेह हुआ। उन्होंने तकिया हटाई तो पिस्टल गायब थी। उसकी मैगजीन में दस कारतूस थे। दरोगा ने बाहर निकलकर युवक का पीछा किया लेकिन वह आगे जाकर भीड़ में गायब हो गया। राहगीरों से बातचीत में पता चला कि वह किसी साथी संग बाइक पर फरार हुआ था। दरोगा गौतम ने इस बारे में कीडगंज थानाध्यक्ष उदयवीर सिंह को सूचना दी तो अफसरों को बताया गया। कुछ देर बाद एसएसपी जोगेंद्र कुमार, एसपी सिटी राजेश यादव, सीओ थर्ड कृष्ण गोपाल सिंह क्राइम ब्रांच के साथ वहां पहुंच गए। शहर में चौतरफा वाहनों की चेकिंग शुरू करा दी गई। थानाध्यक्ष की तहरीर पर अज्ञात बदमाश के खिलाफ कीडगंज थाने में मुकदमा लिखकर तलाश में तीन पुलिस टीम लगा दी गई है। एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने बताया कि चौकी प्रभारी को लापरवाही में निलंबित कर दिया गया है। उसके खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है।