क्षेत्र के प्रतापपुर बाजार में चोरों ने एक ही रात में पांच ठिकानों को निशाना बनाया। चोरों ने तीन दुकानों और एक मकान के दो किराये के कमरों से करीब 4.42 लाख रुपये का माल समेट लिया। चोरी की यह पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। रविवार सुबह घटना की जानकारी होने पर बाजार में हड़कंप मच गया।
चोरों ने पहले आनंद मौर्या की मौर्या इलेक्ट्रॉनिक दुकान से 25 हजार रुपये नकद चुराए। इसके बाद चंदन गारमेंट से 23 हजार रुपये नकद पार किए। सत्या मोबाइल शॉप से दो कीपैड और पांच एंड्रॉयड फोन (करीब 50 हजार रुपये) तथा दो हजार रुपये नकद चोरी हुए। दुकानों के बाद चोरों ने रविंद्र सिंह के मकान को निशाना बनाया।
यहां एएनएम पुष्पा पटेल के कमरे से 35 हजार रुपये नकद और करीब 2.60 लाख रुपये के आभूषण चोरी हुए। अयांशी कॉस्मेटिक की संचालिका रेखा पटेल के कमरे से 55 हजार रुपये नकद, 25 हजार रुपये की चांदी की पायल और 30 हजार रुपये की सोने की अंगूठी चुराई गई।
रविवार सुबह घटना की जानकारी होने पर बाजार में भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची फूलपुर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुटी है। इंस्पेक्टर फूलपुर शेषनाथ पाल ने बताया कि तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। व्यापारियों ने बाजार में रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरी की घटनाओं का खुलासा करने की मांग की है।
घर का ताला तोड़कर जेवर और नकदी चोरी
ग्राम पंचायत पिपरांव में एक सूने घर का ताला तोड़कर चोर लाखों रुपये के जेवरात, घरेलू सामान और इनवर्टर ले गए। पिपरांव निवासी खुशनुमा सोमवार सुबह मायके से लौटने पर चोरी का पता चला। उसने बारा पुलिस को शिकायत दी है, जो मामले की जांच कर रही है।