बिना अनुमति धार्मिक स्थल का निर्माण कराए जाने के आरोप में पुलिस ने पांच आरोपियों को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया। कोर्ट में पेश करने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले में सात नामजद और कई अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। निर्माणाधीन धार्मिक स्थल को सील कर दिया गया है।
फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के सराय लिली उर्फ खोजापुर गांव में प्रयागराज-गोरखपुर राजमार्ग स्थित शारदा सहायक नहर के समीप कुछ लोगों ने मकान और दुकानें बनाईं। फिर धीरे-धीरे मस्जिद का निर्माण शुरू करा दिया। खोजापुर के ही रहने वाले विकास का आरोप है कि निर्माण की अनुमति नहीं ली गई है। उन्होंने कोतवाली में तहरीर दी, जिसमें लिखा कि चोरी-छिपे कई महीने से यह काम चल रहा है। इससे सांप्रदायिक सौहार्द को खतरा है।
बुधवार की रात एसपी पंकज लवानिया और इंस्पेक्टर प्रवीण गौतम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मौके से पांच आरोपियों को पूछताछ के लिए थाने ले आए। बृहस्पतिवार को राजस्व टीम के साथ पहुंची पुलिस ने निर्माण स्थल को सील कर दिया। मामले में रईस अहमद, सईद अहमद, अब्दुल रशीद, शकील अहमद, मो.वसीम, मो.समीम, तनवीर आलम तथा कई अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने सईद अहमद, तारिक अहमद, मो. अनवर, मो. सोहेल और मो. सलीम को जेल भेज दिया है।
मामले में सात नामजद व कुछ अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज था। दो नामजद और तीन अज्ञात को चिह्नित कर कुल पांच लोगों को जेल भेजा गया है।
- पंकज लवानिया, एसीपी फूलपुर