संगम में दो दिन पहले अधिवक्ता समेत पांच नहीं बल्कि छह लोग डूबे थे। इनमें कटरा में रहकर पढ़ाई करने वाला ऋषभ कुमार भी शामिल था। एक दिन पहले ही उसका शव बरामद कर लिया गया था जिसकी शिनाख्त मंगलवार को हुई। उधर संगम में डूब सुमित विश्वकर्मा का भी शव बरामद कर लिया गया। हालांकि अब तक उत्कर्ष का पता नहीं चल सका है।
दरअसल एक दिन पहले कुल पांच शव संगम से बरामद किए गए थे। इनमें महेश्वर वर्मा, विशाल वर्मा व अभिषेक अग्रहरि शामिल थे। एक शव के बारे में दोस्तों ने बताया कि यह सतना एमपी निवासी सुमित विश्वकर्मा का है। लेकिन मां अनीता ने इससे इंकार किया था। उधर मंगलवार को कटरा निवासी एक युवक मर्चरी पहुंचा और उसने दो अज्ञात मृतकों में से एक की शिनाख्त ऋषभ के रूप में की। बताया कि वह मूल रूप से भोपाल का रहने वाला था जो पढ़ाई के सिलसिले में कटरा में रहता था। वह दो दिन से फोन नहीं उठा रहा था। मंगलवार को परिजनों ने उसे फोन किया तो वह दारागंज थाने पहुंचा। वहां तस्वीर देखने पर पता चला कि मृतक ऋषभ ही है।
उधर संगम में डूबे सुमित का भी शव बरामद कर लिया गया। पोस्टमार्टम होने पर दोपहर बाद परिजन शव लेकर रवाना हो गए। दारागंज थाना प्रभारी आशीष सिंह भदौरिया ने बताया कि उत्कर्ष का तीसरे दिन भी पता नहीं चला। बुधवार को एक बार फिर से तलाश की जाएगी।