इलाहाबाद। मौसम के बदले मिजाज और पिछले कई दिनों से जारी कंपा देने वाली ठंड आम आदमी पर भारी पड़ रही है। जिले के गंगापार और यमुनापार में ठंड से रविवार को भी पांच लोगों की मौत हो गई। बारा एनटीपीसी में निर्माणाधीन कालोनी में मजदूरी कर रहे बिहार के खगड़िया जिले के आजम नगर निवासी शकील अहमद की मौत हो गई। दूसरी ओर हंडिया क्षेत्र के भूपट्टी गांव निवासी हरिशंकर मिश्र की पत्नी शांति देवी की ठंड लगने से मौत हो गई। यमुनापार के बारा क्षेत्र में सेहुड़ा गांव निवासी रामनरेश आदिवासी की ठंड से मौत की सूचना है। वहीं गंगापार के भिक्खनपुर गांव निवासी ननकी देवी (58 वर्ष) और कौड़िहार निवासी महमूदन (62 वर्ष) की भी ठंड से मौत की जानकारी मिली है।
पिछले एक सप्ताह से जारी शीतलहर से जिले में अब तक 25 से अधिक मौतें हो चुकी हैं। इन सभी मौतों की जानकारी परिजनाें की ओर से दी गई है। दूसरी ओर रविवार को भी मौसम का मिजाज दिन भर बिगड़ा रहा। सुबह कोहरे का असर रहा। हालांकि नौ बजे के आसपास राहत मिली। पछुवा का असर दिन भर रहा। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक रविवार को न्यूनतम पारा नौ डिग्री और अधिकतम पारा 19 डिग्री दर्ज किया। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के हिमालयी इलाकों में जारी बर्फबारी के चलते ठंड बढ़ी है। मौसम विज्ञानियों का मानना है कि शनिवार तक थोड़ी राहत मिलने की संभावना है।