कैंट थाना क्षेत्र के अशोक नगर पीडीए कॉलोनी के रहने वाले रिटायर्ड आईएएस कृष्ण चंद सरोज ने एफआईआर दर्ज कराई है कि उनसे पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। हमलावरों ने मारपीट कर उन्हें जातिसूचक गालियां भी दीं। उन्होंने अपने भतीजे और उसके दोस्तों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी है। पुलिस का कहना है कि मामला जमीन की खरीद-फरोख्त से जुड़ा है। फिलहाल, जांच की जा रही है।
मूल रूप से फूलपुर के करनपुर के रहने वाले रिटायर्ड आईएएस कृषण चंद्र सरोज अशोक नगर स्थित पीडीए कॉलोनी में परिवार के साथ रहते हैं। इंस्पेक्टर कैंट ने बताया कि कृष्ण चंद्र ने कुछ साल पहले अपने भतीजे सदियापुर निवासी शैलेंद्र भारतीय से जमीन बेचने की चर्चा की थी। शैलेंद्र ने अपने एक मित्र के अकाउंट से पांच लाख रुपये कृष्ण चंद्र के एकाउंट में पेशगी के तौर पर ट्रांसफर करा दिए थे।
कृष्ण चंद्र ने जमीन बेचने से मना कर दिया और शैलेंद्र से कहा कि वह कोई अकाउंट नंबर बता दे। वह पैसा ट्रांसफर कर देंगे। शैलेंद्र ने किसी तीसरे का अकाउंट नंबर बताया और कृष्ण चंद्र ने पैसा उसी अकाउंट में ट्रांसफर कर दिए। विवाद यहीं से शुरू हुआ। जिस अकाउंट से कृष्ण चंद्र के खाते में पैसे ट्रांसफर हुए थे, वह पैसा वापस मांगने लगा। कई बार वाद विवाद के बाद भी मामला नहीं सुलझा।
कृष्ण चंद्र का आरोप है कि एक जुलाई को वह और उनकी पत्नी घर जा रहे थे, तभी शैलेंद्र भारती और शुतुरखाना के रमाकांत शुक्ला तथा उनके साथ खड़े पांच अज्ञात लोगों ने उन्हें रोका और उनके साथ धक्कामुक्की की। जातिसूचक गालियां देते हुए उनसे पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। इंस्पेक्टर ने बताया कृष्ण चंद्र की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।