Firing at the former councilor's plot for the purification of 20 lakhs
20 लाख की रंगदारी के लिए पूर्व पार्षद के प्लाट पर फायरिंग
दो बदमाशों को नामजद किया गया, जून में भी की थी फायरिंग
प्रयागराज। धूमनगंज के राजरूपपुर मुहल्ले में पूर्व पार्षद के प्लाट पर दो बदमाशों ने सोमवार की दोपहर जमकर फायरिंग की। पूर्व पार्षद का आरोप है कि बदमाश उनसे 20 लाख की रंगदारी मांग रहे थे। न देने पर फायरिंग की है। जून में भी इन्हीं बदमाशों ने प्लाट पर फायरिंग की थी। उस समय भी दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था।
राजरूपपुर के रहने वाले भाजपा नेता चंद्रभूषण सिंह पूर्व पार्षद हैं। उन्होंने मार्च में राजरूपपुर में ही एक प्लाट खरीदा था। सोमवार को चंद्रभूषण का भतीजा आदित्य प्लाट पर था। मिस्त्री और मजदूर काम कर रहे थे। उसी समय बाइक से दो बदमाश आए और रायफल और पिस्टल से कई फायर किए। फायरिंग से इलाके में भगदड़ मच गई। आस पास दुकानदारों ने दुकानें बंद कर दीं। मजदूर भी प्लाट से भागे। पुलिस पहुंची तो बदमाश भाग निकले। सूचना पर चंद्रभूषण भी पहुंच गए। उनकी तहरीर पर कौशांबी के सैनी इलाके के रहने वाले दो भाइयों अदनान और इलफास के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। घटना के बाद पुलिस ने छापेमारी की और एक रेस्टोरेंट समेत कुछ दुकानों को भी बंद करा दिया। पूर्व पार्षद का आरोप है कि अदनान और इलफास उनसे 20 लाख की रंगदारी मांग रहे हैं। दोनों पिछले कुछ समय से कसारी मसारी इलाके में रहते हैं। 18 जून को भी दोनों ने प्लाट पर फायरिंग की थी। धूमनगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, इस कारण दोनों ने फिर फायरिंग कर दहशत फैलाई है। इंस्पेक्टर विजय सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस ने तलाश में दबिश भी दी है।