प्रयागराज। सिविल लाइंस में कानपुर रोड स्थित सागरपेशा बस्ती के एक घर में मंगलवार की रात भीषण आग लग गई। घर वाले बाहर आग ताप रहे थे। फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने घंटे भर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक पूरी गृहस्थी जलकर खाक हो गई थी। तकरीबन डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ।
कानपुर रोड पर सागरपेशा बस्ती के रहने वाले फूलचंद्र कनौजिया कपड़े में प्रेस करने का काम करते हैं। मंगलवार की रात मुहल्ले में अधिकांश लोग नए साल के जश्न में डूबे हुए थे। जबकि कुछ लोग अंदर टीवी देख रहे थे। फूलचंद्र पत्नी विमला देवी के साथ बाहर आग ताप रहे थे। उसी समय कमरे में आग लग गई। धुआं निकलता देख फूलचंद्र ने शोर मचाकर लोगों को इकट्ठा किया और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया लेकिन देखते ही देखते आग ने प्रचंड रूप अख्तियार कर लिया। सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंच तो गई लेकिन तंग गलियों के कारण मौके पर पहुंचने में काफी दिक्कत हुई। करीब घंटे भर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग से फूलचंद्र की पूरी गृहस्थी जल गई। करीब डेढ़ लाख का नुकसान हुआ। घर में तमाम ग्राहकों के कपड़े भी थे, वह भी जल गए।