करनाईपुर क्षेत्र के चतुरपुर गांव में छप्पर में लगी आग को बुझाते ग्रामीण
बहरिया थाना क्षेत्र के चतुरपुर गांव में बृहस्पतिवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में राकेश कुमार विश्वकर्मा के छप्पर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे छप्पर को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने से छप्पर पूरी तरह जलकर राख हो गया। छप्पर में बंधी एक भैंस, उसका बछड़ा, एक गाय और उसका बछड़ा आग की चपेट में आकर झुलस गए। आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुट गए। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया और किसी तरह मवेशियों को बाहर निकालकर उनकी जान बचाई। घटना में राकेश कुमार के परिवार को आर्थिक नुकसान हुआ है। बहरिया थाना प्रभारी मानवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अभी छप्पर में आग लगने की कोई लिखित सूचना प्राप्त नहीं हुई है। यदि प्रार्थना पत्र मिलता है तो मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है।