प्रयागराज-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग मार्ग पर सेमरा गांव के सामने शनिवार देर रात इलेक्ट्रॉनिक की दुकान में आग लग गई। दुकान से धुआं उठता देख बाहर सो रहे दुकानदार के पिता ने शोर मचाकर लोगों को जानकारी दी। एकत्रित हुए ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन सामान जलकर राख हो चुका था।
बताया जा रहा कि बिजली के तार के शॉर्ट सर्किट से आग लगी है। पीड़ित के मुताबिक करीब पांच लाख का नुकसान हुआ है। लोगों ने बताया कि सूचना देने के बाद भी फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची। जिसे लेकर लोगों में आक्रोश है।
मनकवार गांव निवासी आशीष पटेल पुत्र रमाकांत सिंह पटेल की घूरपुर क्षेत्र के सेमरा गांव के सामने हाईवे पर इलेक्ट्रॉनिक की दुकान है। रोज की तरह शनिवार रात करीब नौ बजे आशीष दुकान बंद कर अपने घर चले गए।
दुकान की रखवाली के लिए उनके पिता रमाकांत सिंह बाहर चारपाई पर सो रहे थे। रात करीब 12 बजे अचानक दुकान के अंदर आग लग गई। दुकान का शटर बंद होने के कारण रमाकांत सिंह को आग लगने की जानकारी नहीं हो पाई। थोड़ी देर बाद जब धुआं दुकान से बाहर निकलने लगा तो उनकी नींद खुली लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया था। लपटें दुकान से बाहर निकल रही थीं। यह देख उन्होंने शोर मचाना शुरू किया तो आसपास के लोग एकत्रित हो गए।
काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया लेकिन तब तक दुकान में रखा टीवी, पंखे, डीटीएच, झालर, तार और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर नष्ट हो गए थे। पीड़ित आशीष पटेल ने बताया कि आग से लगभग पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की है।