कर्नलगंज में आईईआरटी मैदान के पास शनिवार दोपहर अचानक स्विफ्ट डिजायर कार में बैठे दो लोग उतर गए जबकि दो लोग बैठे हुए उनके वापस कार में आने का इंतजार कर रहे थे। अचानक कार के इंजन से आग की लपटें उठने लगी। कार में बैठे लोग उतरकर दूर खड़े हुए। उनकी कुछ समझ में आता कि कार में आग कैसे लगी। आग की लपटे पूरी कार में फैल गई। आग धू-धूकर जलने लगी। उधर से गुजर रहे राहगीरों की भीड़ जुट गई। सूचना पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड के पहुंचने के बाद आग पर काबू पा लिया लेकिन तब कार जल चुकी थी। कार कैंट निवासी देवेंद्र सिंह की थी।
वे सलोरी में एक रिश्तेदार के घर से लौट रहे थे। तभी कार में आग लगी। धूमनगंज के ट्रांसपोर्टनगर में शनिवार सुबह एक साड़ी लदी ट्रक खड़ी थी। सामने से आ रही ट्रक से टकरा बिजली का तार टूटकर साड़ी लदे ट्रक पर गिरा और शार्ट सर्किट से ट्रक में आग लग गई। एक चिंगारी उठते ही ट्रक में लोड साड़ियों में आग भड़क उठी। देखते ही देखते ट्रक धू-धूकर जलने लगी। फायर ब्रिगेड पहुंचने के बाद आग पर काबू पाया गया लेकिन ट्रक में लोड सामान जल चुका था। इंस्पेक्टर धूमनगंज एके त्यागी ने बताया कि दोनों ट्रक वालों ने आपस में समझौता कर लिया। कैंट में एक वकील के घर के पीछे स्थित गोदाम में आग लगी थी। फायर ब्रिगेड के पहुंचने के बाद आग पर काबू पाया गया।
धोबी घाट पेट्रोल पंप के जनरेटर रूम में शनिवार रात शार्ट सर्किट से आग लग गई। जनरेटर कक्ष से धुआं और आग की लपटें उठती देख कर्मचारियों और पेट्रोल डलवा रहे ग्राहकों में खलबली मच गई। शोरगुल मचा तो आसपास के लोग भी जुट गए। सूचना पर फायर ब्रिगेड पहुंच गई। फायर ब्रिगेड के पहुंचने के पहले आग बुझा ली गई थी। शुक्र रहा कि आग पर समय रहते काबू पा लिया गया और वरना आग पेट्रोल पंप के टैंक तक पहुंचती तो आग पर काबू पाने में पसीने छूट जाते।
राजेंद्र सिंह का धोबीघाट पर गुलाब सिंह एंड संस के नाम से पेट्रोल पंप है। शनिवार रात कर्मचारी वाहनों में पेट्रोल डाल रहे थे। तभी जनरेटर कक्ष से धुआं और लपट उठते देख खलबली मच गई। ग्राहक वाहन लेकर भागने लगे। कर्मचारी भी दहशत में आ गए। आसपास के लोग भी जुट गए। कर्मचारियों ने तत्काल पेट्रोल पंप की बिजली सप्लाई बंद कर फायर स्ट्रींग्यूसर से आग बुझाने लगे। सूचना पाकर सिविल लाइंस पुलिस और फायर ब्रिगेड पहुंच गई। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही आग बुझ गई थी। जल्द ही आग पर काबू पा लिया गया। आग बुझने के बाद आसपास के लोगों ने भी राहत की सांस ली। जब तक आग बुझी नहीं वे भी सहमें रहे।
स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में शनिवार को आग लगने से हड़कंप मच गया। यहां परिसर में दवा स्टोर के समीप कूड़े में आग लग गई। सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने इसकी सूचना फायर बिग्रेड को दे दी। सूचना पाकर फायर बिग्रेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। जल्द ही आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि आग से जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।
एसआरएन में टेली मेडिसिन सेंटर के पीछे दिन में दो बजे बाद अचानक आग की लपटे लोगों ने देखी। यहां पास में ही दवा का स्टोर और मानसिक चिकित्सा विभाग है। स्टोर में लाखों रुपये की दवाईयां रखी थी, जबकि मानसिक रोग विभाग में मरीज थे। आग लगते ही अस्पताल में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है वहां कूड़े के ढेर में दवाईयों के खाली गत्ते में किसी ने आग लगा दी थी। जो कूड़े में फैल गई। हालांकि राहत भरी बात यह रही कि आग विकराल रूप धारण नहीं कर सकी और फायर बिग्रेड ने उसमें काबू कर लिया। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि आग क्यों लगी इसकी जांच की जा रही है।