भूमाफिया के चिह्निकरण के लिए डीएम के निर्देश पर तहसील स्तर पर टास्क फोर्स का गठन किया गया था। गठित टीम ने सरकारी जमीन और अंश से अधिक भूमि बिक्री करने वाले 19 भूमाफिया को चिह्नित किया। लेखपाल सुमित कुमार की तहरीर पर नैनी कोतवाली में बृहस्पतिवार देर रात सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
दर्ज एफआईआर में बताया गया कि 24 फरवरी को डीएम कार्यालय से आए पत्र के आधार पर तहसील स्तरीय अधिकारियों व कर्मचारियों की टास्क फोर्स का गठन किया गया था। सात मार्च को हुई बैठक में एंटी भूमाफिया में शामिल किए जाने वाले नाम को जांच कमेटी के सामने प्रस्तुत किया गया था।
इसके बाद टीम ने भूमाफिया को चिह्नित किया। लेखपाल सुमित कुमार के तहरीर पर नैनी कोतवाली में क्षेत्र के शकील अहमद, फजल, श्रीराम बाबू, प्रभाकांत शुक्ला, नृपेंद्र कुमार पाल, कल्लू, दुल्ली यादव, मखंचू पटेल, वंशीपाल, कपिल यादव, विजय सिंह यादव, जय सिंह यादव, नंदलाल कुशवाहा, राजेंद्र यादव सहित 19 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
नैनी इंस्पेक्टर बृज किशोर गौतम ने बताया कि जांच कमेटी की ओर से सरकारी भूमि व अंश से अधिक भूमि बेचने के मामले में की गई जांच के आधार पर लेखपाल की तहरीर पर एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की विवेचना कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।