नसीरपुर सिलना में अतीक अहमद की कुर्क जमीन को धोखाधड़ी से दस्तावेज तैयार कर बेचने का मामला सामने आया है। मामले में धूमनगंज थाना प्रभारी राजेश उपाध्याय ने बताया कि मम्फोर्डगंज निवासी अचला इंफ्रास्टेट प्रा. लि. के निदेशक केशव सिंह ने कैंट के बेली गांव निवासी खुशनुमा से 13 अक्तूबर 2021 को अपने फर्म के पक्ष में वास्तविक तथ्य को छिपाते हुए रजिस्ट्री कराई है। आरोप है प्रयागराज विकास प्राधिकरण से नक्शा पास कराए बिना ही प्लाटिंग की गई है।
एयरपोर्ट थाने में दर्ज एफआईआर के मुताबिक, थाना प्रभारी राजेश उपाध्याय ने बताया कि अतीक की नसीरपुर सिलना की भूमि को न्यायालय के आदेश पर 31 दिसंबर 2020 को राज्य के पक्ष में कुर्क किया था। उन्होंने बताया कि स्थलीय निरीक्षण करने पर पता चला कि अवैध प्लाटरों ने कुर्की आदेश बोर्ड को तोड़कर हटा दिया है। इस संबंध में क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षक व हल्का लेखपाल से आख्या प्राप्त की गई।