धूमनगंज थाने के सामने धरने पर बैठे अधिवक्ता।
- फोटो : अमर उजाला।
प्रीतमनगर निवासी अधिवक्ता के बैंक खाते से बिना सूचना के 16.90 लाख रुपये निकालने के मामले में धूमनगंज थाना पुलिस ने बैंक प्रबंधक अमित त्रिपाठी समेत बैंक कर्मचारियों पर एफआईआर दर्ज कर ली है। धूमनगंज थाना प्रभारी पर बदसलूकी व सरकारी पिस्टल निकालकर धमकी देने का आरोप लगाते हुए अधिवक्ता बृहस्पतिवार दोपहर थाने के सामने कानपुर मार्ग पर धरने पर बैठ गए थे। अधिवक्ता दिव्य प्रकाश ने पुलिस को बताया कि उनका बैंक खाता ट्रांसपोर्ट नगर स्थित आईसीआईसीआई बैंक में है। खाते में 28,85,427 रुपये थे, उक्त रुपये की जानकारी उपरोक्त शाखा प्रबंधक अमित त्रिपाठी व बैंक कर्मचारियों को थी।
आरोप है कि उन्होंने उक्त धनराशि में से बिना अनुमति के 16,90,945 रुपये की एफडी/बैंकर्स चेक किसी अन्य व्यक्ति को जारी कर दिया। जिससे प्रथम दृष्ट्या संज्ञेय अपराध की श्रेणी में आता है। बैंक कर्मचारी और शाखा प्रबंधक ने गोपनीयता भंग कर विश्वासघात किया। अधिवक्ता दिव्य प्रकाश अन्य अधिवक्ता साथी के साथ बैंक पहुंचे लेकिन मैनेजर नहीं मिले। अधिवक्ताओं ने बैंक में हंगामा करते हुए पुलिस को सूचना दी और धूमनगंज थाना प्रभारी से बात कर थाने पहुंचे। आरोप लगाया कि थाने में बदसलूकी से बात की गई। इससे गुस्साए अन्य दर्जनों अधिवक्ता पहुंचे और थाने के सामने कानपुर-प्रयागराज मार्ग पर धरने पर बैठ गए। हंगामे के बाद धूमनगंज पुलिस ने कार्रवाई की है।