पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान दोनों तरफ से पथराव हुआ। बाद में दोनों पक्षों ने एक दूसरे के घर में घुसकर तोडफ़ोड़ की। आरोप है कि इस दौरान फायरिंग भी की गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां एक पक्ष ने फिर से अस्पताल में भी घुसकर मारपीट की। देर रात तक पुलिस अराजकता फैलाने वाले लोगों की गिरफ्तारी के लिए हाथ-पांव मार रही थी।
कुंडा कोतवाली क्षेत्र के शेरगढ़ गांव में एक लडक़ी की मेहंदी का कार्यक्रम था। इसमें गांव के काफी लोग जुटे थे। इस दौरान कुछ लोग एक लडक़ी से बात करने को लेकर विरोध करना शुरू कर दिए। हालांकि दौरान गालीगलौज के बाद मामला शांत हो गया। इसके बाद ह्वाटसएप के माध्यम से गालीगलौज शुरू हो गई। ह्वाटसएप पर गालीगलौज इतनी बढ़ी कि दोनों पक्ष एक दूसरे पर हमलावर हो गए। दोनों पक्षों में पहले से भी चुनावी रंजिश चल रही थी।
इसके चलते मामला बढ़ गया। इसमें शेरगढ़ गांव के प्रधान नसीम व मो. पूर्व प्रधान मो.सईद बीच पहले से भी चुनावी रंजिश चली आ रही है। इसके मामला वर्चस्व का हो गया। ह्वाटसएप पर गाली गलौज के बाद प्रधान नसीम के बेटे नदीम को चौराहे पर पीटा गया तो मो.सईद ने भी अपने भतीजे को चौराहे पर पीटने का आरोप लगाया है। इसके बाद दोनों पक्षों ने एक दूसरे के घर पर तांडव करना शुरू कर दिया।
दोनों पक्षों से ईंट-पत्थर चले। फिर तोडफ़ोड़ शुरू हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर संघर्ष हुआ। एक पक्ष ने कई राउंड हवाई फायरिंग भी की। सूचना पर पहुंची पुलिस कुछ घायलों को अस्पताल ले आई। उधर दूसरा पक्ष भी लाव लश्कर के साथ अस्पताल पहुंच गया और वहां भी मारपीट शुरू कर दी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी मारपीट होने के बाद भी मौके पर मूकदर्शक बने खड़े रहे।
इस दौरान दोनों पक्षों ने अस्पताल में भी जमकर तांडव मचाया। थोड़ी देर बाद कोतवाल फोर्स के साथ सीएचसी पहुंचे तो मारपीट कर रहे लोग भाग निकले। मारपीट की घटना में एक पक्ष से प्रधान नसीम, बेटा नदीम, रकीब, डा.हसीब व दूसरे पक्ष से तौफीक, सद्दाम हुसैन व जुनैद को चोटें आई हैं। इन सभी को सीएचसी कुंडा में भर्ती कराया गया है।
मामले में दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। कोतवाल का कहना है कि दोनों पक्षों में पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट हुई है। फायरिंग की भी सूचना मिली है, लेकिन पुष्टि नहीं हो पाई है। मामले में दोनों पक्षों ने तहरीर दी है। मुकदमा लिखा जा रहा है कठोर कार्रवाई की जाएगी।