दिवाली और छठ जैसे महत्वपूर्ण त्योहार भले ही बीत गए हो लेकिन कमाई के फेर में रेलवे अभी तक पूजा स्पेशल ट्रेनों का संचालन कर रहा है। रूट चाहे दिल्ली का हो या फिर मुंबई का। कोरोना काल के पहले जो ट्रेनें नियमित रूप से प्रयागराज जंक्शन और छिवकी रेलवे स्टेशन से गुजर रही थीं, उनमें से कई ट्रेनें रेलवे पूजा स्पेशल के रूप में चला रहा है। पूजा स्पेशल के नाम पर इस कदर लूट है कि मुंबई जाने वाली काशी एक्सप्रेस, नई दिल्ली जाने वाली मंडुवाडीह-नई दिल्ली सुपरफास्ट आदि ट्रेनों का संबंधित रूट पर चलने वाली अन्य स्पेशल ट्रेनों के मुकाबले कहीं ज्यादा किराया रेलवे वसूल रहा है।
लॉकडाउन के पूर्व दिल्ली जाने वाली महाबोधि एक्सप्रेस, मंडुवाडीह-नई दिल्ली सुपरफास्ट का किराया सभी श्रेणियों में प्रयागराज एक्सप्रेस के बराबर ही था, लेकिन वर्तमान समय महाबोधि, मंडुवाडीह आदि ट्रेनों को रेलवे पूजा स्पेशल के नाम पर चला कर यात्रियों से ज्यादा किराया वसूल रहा है। इन ट्रेनों के स्लीपर, थर्ड एसी, एसी टू में प्रयागराज से नई दिल्ली का किराया क्रमश: 490, 1295 एवं 1825 रुपये है। फिलहाल पूजा स्पेशल के रूप में नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस, मगध एक्सप्रेस आदि एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन रेलवे द्वारा किया जा रहा है।
दूसरी तरफ देखें तो नई दिल्ली जाने वाली प्रयागराज एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन के स्लीपर, थर्ड एसी, एसी टू में नई दिल्ली का किराया क्रमश: 390, 1020 एवं 1430 रुपये है। लॉक डाउन के पूर्व भी जब प्रयागराज एक्सप्रेस नियमित ट्रेन के रूप में चल रही थी, तब भी इसका यही किराया था। इस तरह पूजा स्पेशल ट्रेनों से यह काफी कम है।
लॉकडाउन के पहले काशी एक्सप्रेस का किराया 1545, अब हो गया है 1915 रुपये
कमोवेश यही स्थिति मुंबई रूट पर चल रही तमाम ट्रेनों की है। यूं तो रेलवे द्वारा लॉक डाउन के पूर्व संचालित ट्रेनों को वर्तमान समय स्पेशल ट्रेन के रूप में चलाया जा रहा है लेकिन मुंबई रूट की भी कुछ नियमित ट्रेनें पूजा स्पेशल के रूप में चलाई जा रही है। काशी एक्सप्रेस की बात करें तो लॉकडाउन के पूर्व इसके थर्ड एसी में प्रयागराज से लोकमान्य तिलक का किराया 1545 रुपये था, लेकिन अब पूजा स्पेशल के रूप में यह किराया बढ़कर 1915 रुपये हो गया है। मुंबई रूट पर कमाई के लिए हावड़ा-मुंबई मेल, रक्सौल-लोकमान्य तिलक, रत्नागिरि एक्सप्रेस आदि ट्रेनें भी पूजा स्पेशल के रूप में चलाई जा रही हैं।
जोनल रेलवे नहीं, रेलवे बोर्ड के निर्देश पर हो रहा स्पेशल ट्रेनों का संचालन
उत्तर मध्य रेलवे के सीपीआरओ अजीत कुमार सिंह कहते हैं कि पूजा स्पेशल ट्रेनों का संचालन रेलवे बोर्ड के निर्देश पर हो रहा है। इसका किराया आदि का निर्धारण जोनल स्तर से नहीं किया गया है।