साधन सहकारी समिति तथा निजी खाद दुकानों पर यूरिया और डीएपी अधिक दाम पर बेचे जाने का मामला सामने आया है। किसानों ने इसकी शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
बहरिया क्षेत्र के कहली, भोला चौराहा और करनाईपुर महुली स्थित साधन सहकारी समिति और अन्य दुकानों पर महंगी खाद बिक्री की शिकायत की गई है। शिकायतकर्ता फूलचंद्र, रमेश कुमार और शिवदत्त त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि निजी दुकानों पर यूरिया 400 रुपये प्रति बोरी तक बेची जा रही है, जबकि सरकारी निर्धारित मूल्य 267 रुपये 50 पैसे प्रति बोरी है। सहकारी समितियों पर भी 280 रुपये प्रति बोरी वसूलने का आरोप लगाया गया है।
किसानों का कहना है कि खाद उपलब्ध नहीं होने से उन्हें कई दिनों तक समितियों और दुकानों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं और मजबूरी में अधिक कीमत पर खाद खरीदनी पड़ रही है। किसानों का कहना है कि समय पर खाद न मिलने से फसल की बढ़वार प्रभावित होने की आशंका है। शिकायतकर्ताओं ने पूरे मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा किसानों को सरकारी निर्धारित मूल्य पर पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध कराने की मांग की है।