अनशन जारी, इविवि प्रशासन ने मुकदमे के लिए दी तहरीर
प्रयागराज, 23 दिसंबर। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) के कुलपति प्रो. रतन लाल हांगलू की बर्खास्तगी की मांग को लेकर महिला हॉस्टल परिसर के गेट पर बेमियादी क्रमिक अनशन पर बैठीं छात्राओं और इविवि प्रशासन के बीच तनातनी लगातार बढ़ रही है। अब इविवि प्रशासन ने अनशन स्थल पर मौजूद कुछ छात्राओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए कर्नलगंज थाने में तहरीर दी है। साथ ही डीएम और एसएसपी को पत्र भेजकर महिला छात्रावास के मुख्य द्वार को इस प्रकार की गतिविधियों से मुक्त कराने का आग्रह किया है।
महिला हॉस्टल के गेट पर छात्राओं का क्रमिक अनशन लगातार 11वें दिन, सोमवार को भी जारी रहा। छात्राओं ने कहा कि वे पीछे नहीं हटेंगी। लडाई और पढ़ाई साथ होगी। इस दौरान संविधान विशेषज्ञ योगेश ने छात्राओं को मूल अधिकार, मूल कर्तव्य एवं संवैधानिक संरचना के बारे में बताया। छात्रा आकांक्षा सिंह ने एनआरसी और कैब के मुद्दे पर अपनी राय व्यक्त की। छात्राओं ने योगेश से कई महत्वपूर्ण सवाल भी पूछे। यह भी तय हुआ कि महिला छात्रावास परिसर में मंगलवार को छात्राओं के लिए आत्मरक्षा का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। इस दौरान ज्योत्सना, मीनाक्षी, शालिनी, सत्यम सिंह सनी, जितेंद्र धनराज, अजय बागी, अविनाश विद्यार्थी आदि मौजूद रहे।
उधर, इविवि के चीफ प्रॉक्टर प्रो. रामसेवक दुबे ने कर्नलगंज थाने में उन छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है, जिन्हें इविवि ने ब्लैक लिस्टेड किया है या निष्कासित किया है। चीफ प्रॉक्टर का आरोप है कि ये छात्र नेता पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष ऋचा सिंह के नेतृत्व में अनशन स्थल पर जाकर अराजक गतिविधियों को बढ़ावा दे रहे हैं। इनमें छात्र नेता अखिलेश यादव, सूरज भान सिंह, सत्यम सिंह सनी, रोहित यादव, संदीप वर्मा प्रॉक्टर, प्रशांत समाजसेवी, अजय सम्रास्ट, सत्यम कुशवाहा, जितेंद्र धनराज, अंकित कुमार, राहुल पांडेय एवं अजय पांडेय बागी के नाम शामिल हैं।