कौंधियारा थाना क्षेत्र के अगवईया गांव में रवि कुमार बिंद की हत्या के मामले में अहम खुलासा हुआ है। पकड़े गए आरोपी ससुर से पूछताछ में पता चला कि शराब के नशे में मछली बनाने के विवाद को लेकर उसकी दामाद से बहसबाजी हुई थी।
कौंधियारा थाना क्षेत्र के अगवईया गांव में रवि कुमार बिंद की हत्या के मामले में अहम खुलासा हुआ है। पकड़े गए आरोपी ससुर से पूछताछ में पता चला कि शराब के नशे में मछली बनाने के विवाद को लेकर उसकी दामाद से बहसबाजी हुई थी। इससे गुस्साए आरोपी ने दामाद के सिर पर डंडे से हमला कर दिया। इससे डरकर दामाद धान के खेत की तरफ भागा और गिर गया। रात भर खेत में पड़े रहने की वजह से उसकी मौत हो गई।
विज्ञापन
पूछताछ में पता चला कि घूरपुर के सुक्खू निवासी रवि कुमार बिंद (28) एक नवंबर की रात अपने ससुराल आया था। उसी रात ससुर जमुना प्रसाद बिंद (55) को रुपये देकर रवि ने शराब मंगवाई। पीने के बाद रवि ने एक बार फिर शराब के साथ मछली भी मंगवाई। पीते समय दोनों में मछली बनाने को लेकर कहासुनी हो गई जो झगड़े में बदल गई।
गुस्से में आकर आरोपी ने रवि की पिटाई कर दी। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि दोनों ने घर के पीछे शराब पी और फिर विवाद हो गया। घटना की जानकारी मृतक के भाई सूर्यबली बिंद ने पुलिस को दी। जांच के बाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सोमवार दोपहर अगवईया मोड़ के पास से आरोपी जमुना प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया। चर्चा यह भी है कि जीजा-साली को लेकर दोनों के बीच आपस में झगड़ा हुआ था। कौंधियारा एसीपी अब्दुस सलाम खान ने बताया कि जांच में जीजा-साली को लेकर विवाद की वजह सामने नहीं आई है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।