जमीन के विवाद में जगदीशपुर चांधन निवासी बुजुर्ग किसान और उनके दो बेटे शनिवार की दोपहर करीब 60 फीट ऊंची कौड़िहार जल निगम की पानी टंकी पर चढ़ गए। करीब तीन घंटे तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने आश्वासन देकर उन्हें नीचे उतारा।
जगदीशपुर चांधन निवासी किसान राम सेवक पटेल का गांव के प्रभात कुमार से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। बताया जा रहा है कि जमीन का वाद कोर्ट में विचाराधीन है। आरोप है कि राजस्व टीम किसान की जमीन पर निर्माण कर रही है। इसमें स्थानीय पुलिस की भूमिका संलिप्त है। किसान ने बताया कि उन्होंने कई बार शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
शनिवार की दोपहर करीब सवा एक बजे किसान रामसेवक पटेल और उनके दो बेटे सुनील कुमार तथा लवकुश पटेल कौड़िहार जल निगम की पानी की टंकी पर चढ़ गए। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पंकज अवस्थी मौके पर पहुंचे। प्रशासन के काफी मान-मनौव्वल एवं कार्रवाई के आश्वासन के बाद दोपहर करीब सवा तीन बजे किसान तथा उनके बेटों को पुलिस ने नीचे उतारा। थोड़ी देर बाद एसीपी सोरांव श्याम जी प्रमिला सिंह मौके पर गए।
दो पक्षों के बीच चले आ रहे जमीनी विवाद को अगले कार्य दिवस (सोमवार) को राजस्व टीम को बुलाकर हल कराया जाएगा। पीड़ित किसान को भ्रम है तो दूसरी राजस्व टीम से जमीन की रूपरेखा स्पष्ट कराने का प्रयास किया जाएगा। तत्पश्चात अग्रिम कार्यवाही की जाएगी। -श्यामजीत प्रमिला सिंह ,एसीपी सोरांव