फ्री फास्टैग जारी करने के एलान के बाद जिले के नौ टोल प्लाजा पर पैदा हुई किल्लत
पहली दिसंबर से इलेक्ट्रानिक टोल कलेक्शन अनिवार्य, हाईवे पर मिलेगी जाम से मुक्ति
आरएफआईडी रीडर से होगी टोल कटौती, प्रयागराज के हर टोल प्लाजा की लेन में लगा रीडर
प्रयागराज। पहली दिसंबर से राष्ट्रीय राजमार्गों के हर टोल प्लाजा पर इलेक्ट्रनिक टोल कलेक्शन(ईटीसी) आरंभ हो जाएगा। इसके लिए एक दिसंबर से पहले तक वाहन स्वामियों को मुफ्त फास्टैग डिवाइस देने के ऐलान के बाद शनिवार को टोल बैरियरों की विंडो पर लूट मच गई। दोपहर बाद ही सभी नौ टोल प्लाजा से फास्टैग गायब हो गए। इसके लिए अधिकृत आईसीआईसीआई बैंक व श्रीइंफ्रा से एनएचएआई ने संपर्क साधा है। एनएचएआई अफसरों के अनुसार शनिवार तक हर टोल प्लाजा पर पर्याप्त मात्रा में फास्टैग पहुंच जाएगा।
सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्रालय ने एक दिसंबर से टोल प्लाजा पर टैक्स वसूलने के लिए ईटीसी स्मार्ट प्रणाली लागू करने का फैसला किया है। इसके तहत जिले के राजमार्गों पर स्थित टोल बैरियरों पर आरएफआईटी रीडर लगा दिए गए हैं। इसके साथ ही श्रीइंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड को वाहन स्वामियों को फास्टैग जारी करने के लिए ठेका दिया गया है। फास्टैग फिलहाल टोल बैरियरों के अलावा आईसीआईसीआई बैंक और एनएचएआई कार्यालय से भी प्राप्त किए जा सकेंगे। सभी नौ टोल प्लाजा पर आरएफआईडी रीडर से ही इलेक्ट्रानिक टोल टैक्स लिए जाने की व्यवस्था पूरी कर ली गई है। इस बीच पहली दिसंबर से पहले तक मुफ्त में फास्टैग वितरित करने की घोषणा के बाद शनिवार को लूटमलूट की स्थिति पैदा हो गई। परियोजना निदेशक एके राय ने बताया कि फास्टैग के लिए लूट मचना जागरुकता का परिणाम है। फास्टैग की कमी नहीं है। संबंधित बैंक व ठेका कंपनी को हिदायत दी गई है कि किसी दशा में फास्टैग की कमी न होने पाए।
उन्होंने बताया कि जिन वाहन स्वामियों के पास यह सुविधा नहीं होगी, उन्हें लेन में प्रवेश करने के बाद फास्टैग लेना होगा, वरना बैरियर नहीं खुलेगा। पेनाल्टी भी लगाई जा सकती है। एनएचएआई के सीएमडी सुखविंदर सिंह ने परियोजना निदेशक एके राय को भेजे पत्र में इस व्यवस्था को एक दिसंबर से हर हाल में टोल प्लाजा पर लागू करने का निर्देश दिया है। एनएचएआई अफसरों के मुताबिक कोखराज, हंडिया, नवाबगंज, सोरांव, सहसो, रीवा रोड पर हर्रो, बांदा रोड पर अमरेहा और मिर्जापुर रोड पर मुंगारी के अलावा लालानगर टोल प्लाजा पर फास्टैग काउंटर खोलवा दिए गए हैं, ताकि जल्द वाहन स्वामियों को नई प्रणाली से जोड़ा जा सके।
जानें फास्टैग के बारे में
फास्टैग एक ऐसा इलेक्ट्रानिक उपकरण है, जो वाहन की विंड स्क्रीन से जुड़ा हुआ होगा। यह रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन तकनीक पर आधारित है। इससे गाड़ी यदि चल भी रही है तो टोल बूथ से गुजरने पर अपने आप ही रिकॉर्ड दर्ज हो जाएगा। टोल का टैक्स फास्टैग के स्कैन होते ही सीधे बैंक खाते से काट जाएगा। इस सिस्टम से जुड़ने के बाद वाहन चालक को टोल प्लाजा पर रुकना नहीं पड़ेगा।
फास्टैग डिवाइस टोल बैरियरों पर मोबाइल की तरह रिजार्ज होता रहेगा। एक बार रिचार्ज कराने के बाद वह फास्टैग देश के हर टोल बैरियर पर काम करेगा। इस नई प्रणाली से जुड़ने के लिए वाहन स्वामियों को जागरूक किया जा रहा है। - एके राय, परियोजना निदेशक , एनएचएआई-प्रयागराज।
फायदे
-टोल प्लाजा पर अधिक धनराशि लेने की शिकायतें होंगी दूर
-बिना टोल टैक्स दिए अब कोई भी किसी भी लेन से नहीं गुजर सकेगा। नहीं खुलेगा बैरियर।
-अब टोल बैरियरों पर वाहनों के न रुकने से बचेगा समय
- जाम की समस्या से मिलेगी निजात। लंबी कतारें नहीं लगेंगी ।