विकासखंड कोरांव के जादीपुर सहकारी समिति पर यूरिया का वितरण न करने पर किसानों ने मंगलवार को समिति के सामने कोरांव देवघाट मार्ग जाम कर दिया। किसानों का आरोप है कि सहकारी समिति जादीपुर में 444 बोरी खाद मौजूद है। किसान सुबह से लाइन में लगे लेकिन सचिव ने खाद नहीं बांटी।
सहकारी समिति के अध्यक्ष लक्ष्मीकांत मिश्रा ने बताया की सचिव द्वारा दो बजे तक किसानों का कागजात लिया गया और अंगूठा भी लगवाया गया। उसके बाद सचिव किसानों से झूठ बोलकर समिति का दरवाजा बंद कर गायब हो गए। समिति के सामने लाइन में खड़े किसान शाम चार बजे तक सचिव का इंतजार करते-कर रहे। सचिव के नहीं आने पर किसान ने नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए और कोरांव देवघाट मार्ग को बाधित कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं माने।
देर शाम एसडीएम कोरांव संदीप तिवारी मौके पर पहुंचे और किसानों को समझा बुझाकर मामले को शांत कराया और बुधवार को खाद वितरित कराने का आश्वासन दिया। तहसील कोरांव में कुल 11 सहकारी समितियां हैं। अधिकांश में खाद की किल्लत महीनों से है। वहीं, समिति के अधिकारियों का कहना है कि समितियों में पर्याप्त मात्रा में खाद भेजी जा रही है।