सोमवार को गर्मी ने एक और जान ले ली। इसकी चपेट में आकर नवाबगंज ब्लाक के रघुवंशपुर उर्फ रेरुआ गांव के मो. हमीद (65) मौत हो गई। वह घर का काम कर रहे थे। अचानक उनकी हालत खराब हुई और वह चारपाई पर लेट गए। घर के लोग कुछ कर पाते कि उनकी सांस थम गई। गर्मी से अब तक दर्जन भर लोगों की मौत हो चुकी है जबकि इसकी चपेट में आकर कई लोग अस्पताल पहुंच चुके हैं। सोमवार को भी लू लगने से कई लोगों को डायरिया के शिकार होकर बेली, कॉल्विन, एसआरएन अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। अस्पतालों की इमरजेंसी में इसके मरीज भर्ती हैं जबकि आधा दर्जन से अधिक लोगों को आईसीयू में रखा गया है। चिकित्सकों का कहना है कि ऐसे ही रहा तो आने वाले दिनों में और लोगों की जान जा सकती है। लोगों को संभलकर रहने की जरूरत है।
पारा कई दिनों से 45 के आसपास ही टिका हुआ है। सोमवार को यह 44.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो कि औसत से चार डिग्री अधिक है। एक दिन पहले यह 44.3 डिग्री था। अधिकतम पारे की तरह न्यूनतम पारे में भी बढ़त दर्ज की गई है। रविवार को जहां न्यूनतम पारा 25 डिग्री था वहीं सोमवार को 1.4 डिग्री बढ़कर 26.4 डिग्री पर पहुंच गया। दिन में पारा चढ़ने से लोगों को बाहर निकलना मुश्किल था। एक दिन पहले आसमान में हल्के बादलों के छाने से ऐसा लग रहा था कि पारा सोमवार को राहत देगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ। मौसम विभाग का मानना है कि पारा थमने वाला नहीं है। यह नए रिकार्ड बना सकता है।