मंसूराबाद : राजेंद्र कुमार यादव की फाइल फोटो।
- फोटो : Villager
क्षेत्र के ग्राम पंचायत उल्दा स्थित पिपरियापुर में मंगलवार को बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई। हादसे में मंसूराबाद चौकी क्षेत्र के पिपरियापुर निवासी राजेंद्र कुमार यादव (50) ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, राजेंद्र अपने खेत में धान की फसल देखने गए थे। इस दौरान अचानक मौसम बदल गया और तेज बारिश शुरू हो गई। तभी अचानक खेत में बिजली गिरी जिससे वे इसके चपेट में आ गए। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी परिजनों और पुलिस को दी। सूचना मिलने पर नवाबगंज पुलिस के साथ राजस्व विभाग के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पीड़ित के परिवार को आपदा राहत कोष से नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाने की कार्रवाई भी की जा रही है।
बिजली गिरने से तीन ट्रांसफार्मर जले, पांच गांवों की आपूर्ति ठप
विद्युत उपकेंद्र फतेहपुर कायस्थान क्षेत्र के उल्दा में बारिश के दौरान तीन ट्रांसफार्मर जल गए। इससे पांच गांवों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई है। बेरावां रोड बाजार का 250 केवीए का ट्रांसफार्मर जला। इससे बेरावां रोड, पिपरियापुर, उल्दा और रेरुआ गांवों की बिजली ठप हुई। भगदेवरा गांव में भी 63 केवीए का ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुआ। इसी गांव में एक किसान के नलकूप का 25 केवीए का ट्रांसफार्मर भी नष्ट हो गया। अवर अभियंता प्रदीप पटेल ने बताया कि ट्रांसफार्मरों को जल्द बदलवाकर आपूर्ति बहाल की जाएगी।