यूपी रोडवेज के प्रयागराज रीजन की बसों मेंं बढ़ा हुआ किराया सोमवार की रात 12 बजे से लागू हो गया। हालांकि इसका असर मंगलवार की सुबह से ही दिखेगा, क्योंकि तमाम रोडवेज कंडक्टर के पास मौजूद ईटीएम (इलेक्ट्रानिक टिकट मशीन) में नया किराया अपडेट नहीं था। हालांंकि रोडवेज प्रशासन ने दावा किया ईटीएम में नया किराया फीड किया जा रहा है। फिलहाल नया किराया लागू होने के बाद अब साधारण श्रेणी की बसों में लखनऊ जाने के लिए यात्रियों को 52 रुपये ज्यादा देने होंगे। पहले लखनऊ का किराया 252 था जो अब 304 हो गया है।
दरअसल राज्य परिवहन प्राधिकरण की बैठक में पिछले माह ही 25 पैसा प्रति किमी किराया बढ़ाने का निर्णय हुआ था। अभी तक साधारण श्रेणी की रोडवेज बसों में किराया प्रति किमी 1.05 रुपये था, जो बढ़कर 1.30 प्रति किमी किया गया है। इसके पूर्व किराये में वृद्धि वर्ष 2020 में 20 पैसा प्रति किमी के हिसाब से की गई थी। उधर सोमवार की शाम ही रोडवेज मुख्यालय से अपर प्रबंध निदेशक अन्नपूणा गर्ग की ओर से सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों को जारी पत्र में तत्काल प्रभाव से किराया बढ़ाए जाने का निर्देश दिया। क्षेत्रीय प्रबंधक एमके त्रिवेदी ने बताया कि आदेश मिलने के बाद ही ईटीएम में नया किराया फीड करने का काम शुरू कर दिया गया।