धूमनगंज के पारस ग्रीन अपार्टमेंट में अधिवक्ता कंचन शर्मा की मौत के मामले में मंगलवार को कानपुर से उसके परिजन प्रयागराज पहुंचे। कंचन के भाई समेत परिवार के अन्य सदस्यों ने फ्लैट पहुंचकर घटनास्थल और वहां मिले सामान के बारे में जानकारी ली।
इसके बाद परिजनों ने धूमनगंज पुलिस से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष जांच और बेटी को इंसाफ दिलाने की मांग की। परिजनों का कहना है कि उनके पास मामले से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण साक्ष्य हैं, जिन्हें पुलिस को सौंपने की तैयारी की जा रही है। पुलिस ने कंचन के पति उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह का बयान दर्ज किया गया है।
जितेंद्र ने पुलिस को बताया कि उसने पत्नी को आवाज लगाई और दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचा तो कंचन का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस अब उसके बयान का घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के साथ मिलान कर रही है।
दूसरी तरफ पुलिस नामजद आरोपियों के साथ ही मायके पक्ष के लोगों के बयान भी दर्ज करेगी। साथ ही कंचन के मोबाइल से मिलने वाले डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। घटना से पहले उसने किन लोगों से बातचीत की, किससे चैट की और आखिरी बार किससे संपर्क हुआ था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस कंचन के मोबाइल में मिले कॉल डिटेल, मैसेज और चैट समेत अन्य डिजिटल साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बनाया है। मामले में पुलिस ने कंचन के दरोगा पति जितेंद्र सिंह, सास, ससुर और ननद के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। धूमनगंज थाना प्रभारी राजीव कुमार बैस ने बताया कि मामले में सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।