करेली के हड्डी गोदाम मोहल्ले में बृहस्पतिवार देर रात शादी वाले घर से 10 लाख रुपये चोरों ने पार कर दिए। घटना के वक्त परिवार के लोग बेटी के निकाह में शामिल होने गेस्ट हाउस में गए थे। रात में शादी का सामान लेने परिवार के लोग घर पहुंचे तो उन्हें घटना की जानकारी हुई।
हड्डी गोदाम के पास रहने वाले मोहम्मद खलील का इंतकाल हो चुका है। उनका बेटा शाहबाज अदरक का व्यवसायी है। बृहस्पतिवार को शाहबाज की बहन का निकाह था। निकाह करेली में स्थित निकाह पैलेस में होना था। ऐसे में घर में ताला लगाकर सभी लोग गेस्ट हाउस चले गए। रात में 12 बजे के करीब बरातियों का नाश्ता पैक करने के लिए मिठाई के डिब्बे लेने घर के कुछ युवक वापस लौटे तो मुख्य दरवाजे पर लगा ताला टूटा हुआ देख उनके होश उड़ गए। भीतर जाने पर अलमारी का लॉक भी टूटा मिला।
इसकी सूचना दी गई तो शाहबाज भी आ गए और फिर उन्होंने बताया कि घर से 10 लाख रुपये कैश गायब है। जानकारी पर पुलिस भी पहुंच गई और फिर फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस देर रात तक जांच पड़ताल में लगी रही लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं मिल पाया। घरवाले यह भी कहते रहे कि संभव है कि चोर कुछ गहने भी ले गए हों, लेकिन इस बारे में घर की महिलाओं से पूछने के बाद ही कुछ बताया जा सकेगा। इंस्पेक्टर करेली अमरनाथ राय ने बताया कि जांच पड़ताल की जा रही है।