एलनगंज में वारदात, मोहल्ले के ही युवक पर आरोप
भाजपा से भी जुडे़ हैं भुक्तभोगी व्यापारी, जांच शुरू
प्रयागराज। कर्नलगंज के एलनगंज में मंगलवार रात सीमेंट व्यापारी व भाजपा कार्यकर्ता दीपू साहू पर सरेआम फायरिंग की गई। गनीमत रही कि वह बाल-बाल बच गया। आरोप है कि रंगदारी न देने पर मोहल्ले के ही रहने वाले युवक ने वारदात को अंजाम दिया। सूचना पर सीओ कर्नलगंज फोर्स लेकर पहुंचे लेकिन तब तक हमलावर भाग चुके थे। खबर लिखे जाने तक पुलिस जांच पड़ताल में जुटी थी।
एलनगंज निवासी दीपू साहू सरिया सीमेंट की दुकान चलाने के साथ ही भाजपा से भी जुड़े हैं। उनका दावा है कि वह पिछड़ा वर्ग भारद्वाज मंडल के अध्यक्ष हैं। उनका आरोप है कि देर रात वह चौराहे पर स्थित दुकान बंद कर घर जा रहे थे। तभी मोहल्ले का ही रहने वाला आशीष उर्फ नाटे यादव अपने दो-तीन अज्ञात साथियों के साथ आकर उनसे गालीगलौच करने लगा। विरोध पर तमाचा मार दिया और फिर असलहा निकालकर फायर झोंक दिया। व्यापारी का कहना है कि गनीमत रही कि हमले में वह बाल-बाल बच गए। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग जुटे तो हमलावर धमकी देते हुए भाग निकले। सूचना पर सीओ कर्नलगंज रत्नेश सिंह फोर्स लेकर पहुंच गए। पूछताछ में व्यापारी ने बताया कि रंगदारी न देने पर उस पर हमला किया गया। मौके पर जुटे लोगों की मांग थी कि आरोपी को गिरफ्तार किया जाए, इसके बाद ही वह घटनास्थल से हटेंगे। बाद में सीओ ने किसी तरह समझाकर उन्हें शांत कराया। बताया कि जांच पड़ताल की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा लिखकर कार्रवाई की जाएगी।