प्रयागराज। एलटी ग्रेड अभ्यर्थियों ने सामाजिक विज्ञान एवं हिंदी का परिणाम घोषित करने की मांग को लेकर बुधवार को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष का घेराव किया। एलटी ग्रेड समर्थक मोर्चा ने आयोग अध्यक्ष से मिलकर परिणाम घोषित करने की मांग दोहराई। आयोग अध्यक्ष ने कहा कि 15 मार्च तक आयोग की ओर से गठित कमेटी एवं एसटीएफ की विवेचना के बाद एलटी ग्रेड रिजल्ट के बारे में फैसला किया जाएगा। आयोग अध्यक्ष के बयान पर एलटी ग्रेड समर्थक मोर्चा ने उन पर परिणाम घोषित करने में देरी का आरोप लगाया है।
एलटी ग्रेड अभ्यर्थियों शेर सिंह, मनोज वर्मा, मुकेश कुमार आयोग अध्यक्ष से मिलने गए। मोर्चा संयोजक विक्की खान ने आयोग अध्यक्ष आरोप लगाया है कि उनका इरादा सामाजिक विज्ञान एवं हिंदी का परिणाम घोषित करने का नहीं है। इसीलिए आयोग अध्यक्ष पहले केस डायरी, अब गठित कमेटी की रिपोर्ट और एसटीएफ की विवेचना का हवाला दे रहे हैं। परीक्षार्थियों ने आरोप लगाया कि 13 विषयों की नियुक्ति के बाद आयोग सामाजिक विज्ञान एवं हिंदी का परिणाम घोषित करने पर फैसला लेगा। वह परिणाम का लटकाए रखना चाहते हैं। जिससे वह किसी विवाद में न फंसे। परीक्षार्थियों ने चेतावनी दी है कि यदि परिणाम घोषित नहीं किया गया तो आंदोलन तेज होगा। इस दौरान अनिल उपाध्याय, कुलदीप यादव, रोहित सिंह, रजनीश, कपिल, सहदेव आदि शामिल रहे।
13 विषयों की संस्तुति शीघ्र
आयोग से बुधवार को प्रदेश के अलग-अलग भागों से परीक्षार्थी एवं अभिभावक मिलने पहुंचे। मिलने वालों में एलटी ग्रेड सहायक अध्यापक के 13 विषयों की संस्तुति भेजने एवं सामाजिक विज्ञान एवं हिंदी का परिणाम जारी करने वाले अभ्यर्थी शामिल रहे। आरओ-एआरओ-2017, पीसीएस परीक्षा 2018, एसीएफ परीक्षा 2017 के पदों का परिणाम शीघ्र जारी करने की मांग को लेकर मिले अभ्यर्थियों को आयोग अध्यक्ष से आश्वस्त किया कि जल्द परिणाम जारी किया जाएगा।