प्रयागराज। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय में मंगलवार से सत्र 2021 की अंतिम सेमेस्टर और अंतिम वर्ष की परीक्षाएं शुरू हो गईं। प्रदेश में 112 केंद्रों पर परीक्षा हो रही है। केंद्रीय कारागार नैनी में भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है। यहां 24 बंदी परीक्षा दे रहे हैं। कुलपति प्रोफेसर सीमा सिंह ने केंद्रीय कारागार में बने परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया। जेल में परीक्षा व्यवस्था पर उन्होंने संतोष जताया। विश्वविद्यालय पहली बार ओएमआर शीट पर परीक्षा करवा रहा है। प्रश्न पत्र बहुविकल्पीय आधारित रहा।
कोरोना महामारी के चलते मुक्त विद्यालय सत्र 2021 अंतिम सेमेस्टर और अंतिम वर्ष की परीक्षा विलंब से करवा रहा है। कुलपति प्रोफेसर सीमा सिंह ने विश्वविद्यालय के सरस्वती परिसर में परीक्षा का जायजा लिया। सभी केंद्रों पर कोविड-19 की गाइड लाइन के अनुसार परीक्षा कराई जा रही है। परीक्षा में लगभग 80 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा 14 अगस्त चलेगी। विवि प्रशासन सेमेस्टर और वार्षिक पद्धति के अंतर्गत संचालित सभी प्रमाण पत्र, डिप्लोमा, स्नातक, स्नाकोत्तर पाठ्याक्र मों के अंतिम सेमेस्टर और अंतिम वर्ष के अभ्यर्थियों की परीक्षा करवा रहा है। शेष सेमेस्टर के विद्यार्थियों को प्रोन्न्त कर दिया गया है। निरीक्षण में डीपी सिंह, बीपी सागर, डॉ. अरुण कुमार गुप्ता, डॉ. ज्ञान प्रकाश यादव, दिनेश सिंह, डॉ.सतीश जैसल आदि शामिल रहे।
महिला अध्ययन केंद्र ने कराया 300 का टीकाकरण
प्रयागराज। प्रोफेसर राजेंद्र सिंह (रज्जू भइया) विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अखिलेश कुमार सिंह के निर्देशन में ‘महिला अध्ययन केंद्र’ की ओर से मंगलवार को सोरांव ब्लॉक के सराय बहार ग्राम में कोविड-19 टीकाकरण का आयोजन किया गया। इस दौरान लगभग तीन सौ ग्रामीणों ने वैक्सीनेशन कराया। केंद्र की समन्वयक प्रोफेसर अर्चना चंद्रा, सदस्य डॉ. गौतम कोहली, डॉ. कविता गौतम ने ग्रामीणों को टीकाकरण के फायदे के बारे में ग्रामीणों को बताया और इसकों लेकर व्याप्त भ्रांतियों को दूर किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. अल्का मिश्र, डॉ. प्रियंका सक्सेना, डॉ. महविश अंजुम, सराय बहार गांव की प्रधान मनोरमा देवी और उनके पति श्रीराम गणेश का विशेष सहयोग रहा।
रजिस्ट्रार को पदमुक्त करने की मांग
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में छात्रसंघ बहाली की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों का प्रदर्शन मंगलवार को 378 वें दिन भी जारी रहा। अनशन कर रहे छात्रों ने रजिस्ट्रार प्रोफेसर एनके शुक्ला को हटाने की मांग की। छात्रों का आरोप है कि पूर्व में महिला आयोग की अध्यक्ष ने रजिस्ट्रार प्रोफे सर शुक्ला को पद से हटाने के लिए कहा था। लेकिन इविवि प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की। प्रदर्शन में अजय यादव सम्राट, अखिलेश गुप्ता, नवनीत यादव आदि शामिल रहे।
इविवि में अंक सुधार परीक्षा के लिए छह तक करें आवेदन
प्रयागराज। इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय में 17 पाठ्यक्रमों में सत्र 2019-20 और 2020-21 की अंक सुधार परीक्षा परीक्षा के लिए आवेदन मांगे गए हैं। इविवि की जनसंपर्क अधिकारी डॉ. जया कपूर के अनुसार एमए, एमएससी, एमकाम सम सेमेस्टर व बीसीए, बीवोक, एमवोक, बीए इन फैशन डिजाइन, बीएन इन मीडिया स्टॅडीज, पीजीडीसीए सम सेमेस्टर के विद्यार्थी जो द्वितीय परीक्षा एवं अंक सुधार परीक्षा के लिए अर्ह हैं, वो निर्धारित शुल्क के साथ अपना आवेदन छह अगस्त तक संबंधित विभाग व इकाई में जमा कर सकते हैं। इसके अलावा बीटेक, बीएफए, बीएड, स्नातक सम सेमेस्टर व एमएड, एमबीए, एमबीए आरडी, एमसीए, एमपीएड सम सेमेस्टर के विद्यार्थी निर्धारित शुल्क के साथ छह अग तक संबंधित विभाग और इकाई में जमा कर सकते हैं। संवाद